पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ओसामा बिन लादेन को मारने वाला पूर्व अमेरिकी कमांडर गिरफ्तार, क्या है वजह?
पाकिस्तान के एबटाबाद में ओसामा बिन लादेन के घर में घुसकर उसे मारने वाला पूर्व अमेरिकी सैनिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर मारपीट और शराब पीकर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं।

द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व अमेरिकी नेवी सील रॉबर्ट ओ'नील जिसने 2011 में दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकी और 9/11 के दोषी ओसामा बिन लादेन को मारने का दावा किया था, को इस सप्ताह की शुरुआत में टेक्सास में गिरफ्तार कर लिया गया है।
रॉबर्ट ओ'नील पर बुधवार को फ्रिस्को में मामला दर्ज किया गया था। हालांकि उसे गिरफ्तारी के कुछ ही देर बाद 3,500 अमेरिकी डॉलर के बांड पर रिहा कर दिया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना तब हुई जब नील एक पोडकास्ट रिकॉर्ड करने के लिए एक लाउंज में गए थे।
आपको बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब पूर्व सैनिक पर इस तरह सार्वजनिक जगहों पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। इससे पहले 2020 में कोविड के दौरान उन्होंने मास्क पहनने से इनकार कर दिया था। तब डेल्टा एयरलाइन ने उन पर बैन लगा दिया था। साल 2016 में उन पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगा था।
पूर्व सैनिक रॉबर्ट ओ'नील ने 2013 में एक इंटरव्यू के दौरान इस बात का खुलासा किया था कि उन्होंने मई 2011 में पाकिस्तान के ऐबटाबाद में ऑपरेशन के दौरान लादेन को मार गिराया था। उन्होंने अपनी किताब 'द ऑपरेटर' में ओसामा को मार गिराने के पूरे घटनाक्रम का जिक्र भी किया है।
वहीं, अमेरिकी सरकार ने न तो उनके दावे को सही ठहराया है, न ही इसे झुठलाया है। रॉबर्ट के स्पेशल फोर्सेज के साथियों ने इस तरह एक ऑपरेशन का खुलासा कर गोपनीयता के नियमों को तोड़ने का आरोप लगाया था। साथ ही इन सैनिकों ने ओ'नील पर ऑपरेशन का पूरा श्रेय खुद लेने के लिए निशाना साधा था।












Click it and Unblock the Notifications