इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के घर की ओर दागे गए बम
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के घर पर दो फ्लैश बम दागे गए हैं। ये बम उत्तरी इजराइल के शहर कैसरिया में दागे गए हैं। ये बम नेतन्याहू के बगीचे में गिरे। अच्छी बात यह है कि जब यह बम गिरे तो घर में ना तो नेतन्याहू और ना ही उनका परिवार मौजूद था, जिसकी वजह से किसी भी तरह के जानमाल की हानि नहीं हुई। इजराइल के रक्षा मंत्री काट्ज ने इस बात की जानकारी एक्स पोस्ट के जरिए दी है। उन्होंने कहा कि सभी हदें पार हो गई हैं। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
वहीं इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने इस हमले की निंदा करते हुए इसकी जांच की बात कही है। सुरक्षा मंत्री इतामार बेन गविर ने कहा कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ की गई उकसावे की कार्रवाई ने सभी तरह की सीमाओं को पार कर दिया है। उनके घर पर फ्लैश बम दागना रेड लाइन को पार करने जैसा है।

गौर करने वाली बात है कि इससे पहले अक्तूबर माह में भी नेतन्याहू के घर की ओर ड्रोन लॉन्च किया गया था, हालांकि उस वक्त भी कोई नुकसान नहीं हुआ था। इजराइल और लेबनान के आतंकी संगठन हिज्बुल्लाह के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है।
अक्तूबर माह में जब नेतन्याहू के घर को निशाना बनाया गया था तो प्रधानमंत्री ने कहा था कि ईरान के प्रॉक्सी हिज्बुल्लाह ने मेरी और मेरी पत्नी की हत्या की कोशिश की है। बता दें कि इजराइल के पास मिसाइलों का पता लगाने और उन्हें रोकने के लिए दुनिया की सबसे बेहतरीन प्रणाली है। यह प्रणाली 1000 मील प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से दूरी तय करती है।
हालांकि इजराइल की यह प्रणाली मानव रहित ड्रोन को इंटरसेप्ट करने में दिक्कत का सामना करती है। इसकी वजह है कि ये ड्रोन कम धातु से बनते हैं, ये 100 मील प्रति घंटे की भी कम रफ्तार से चलते हैं, बावजूद इसके इन्हें इंटरसेप्ट करना मुश्किल होता है। इसकी वजह है कि यह कम रफ्तार की वजह से कम गर्मी उत्पन्न करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications