बगदाद में अमेरिकी दूतावास के पास ईरान ने दागे 5 रॉकेट
बगदाद। इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास के नजदीक पांच रॉकेट दागे गए हैं। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, रविवार को बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास के नजदीक कई रॉकेट आकर गिरे। फिलहाल इन रॉकेट हमलों की जिम्मेदारी किसी देश या संगठन ने नहीं ली है। मंगलवार को भी इराक में अमेरिकी दूतावास के पास दो रॉकेट दागे गए थे। इसमें कोई घायल नहीं हुआ था लेकिन ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ गया।

इस महीने अमेरिकी दूतावास के पास यह चौथा हमला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों में कत्यूषा रॉकेट का इस्तेमाल किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को पेंटागन ने बताया था कि इराक में अमेरिकी सेना के एक सैन्य अड्डे पर हाल ही में ईरान के मिसाइल हमले में 34 अमेरिकी सैनिकों को दिमागी चोटें लगी थी। इलाज के बाद उनमें से आधे सैनिक अपनी सैन्य ड्यूटी पर लौट आए हैं।
पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता जोनाथन हॉफमैन के अनुसार, 34 में से 17 सैनिक अब भी निगरानी में हैं। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुरू में कहा था कि उन्हें बताया गया है कि आठ जनवरी के हमले में कोई भी सैनिक घायल नहीं हुआ। बता दें कि, सुलेमानी की मौत के बाद ईरान ने बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर 7 और 8 जनवरी को हमले किए थे।
ईरान के सुप्रीम लीडर अली हसन खामेनेई ने भी सुलेमानी के मारे जाने के बाद से पश्चिम एशिया से सभी अमेरिकी सैनिकों को खदेड़ने की बात कही।












Click it and Unblock the Notifications