Metaverse की दुनिया में 16 साल की लड़की से गेम खेलते वक्त हुआ दुष्कर्म, जानें क्या होता है वर्चुअल गैंगरेप
हाइलाइट्स
- वर्चुअल दुनिया में नाबालिग लड़की का गैंगरेप
- पीड़िता को पहुंचा मानसिक और भावनात्मक आघात
- मेटावर्स में हो चुके हैं इस तरह के कई मामले

ब्रिटेन में पहली बार एक लड़की से वर्चुअल गैंग रेप का मामला सामने आया है। एक 16 वर्षीय लड़की को मेटावर्स में 'यौन हमले' का सामना करना पड़ा। ब्रिटिश पुलिस ने अब इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
गेम खेलते वक्त हुआ हादसा
द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि एक वर्चुअल रिएलिटी गेम में कुछ अनजान लोगों ने उसके 'अवतार' के साथ गैंगरेप किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि पीड़िता ने VR (वर्चुअल रियलिटी) हेडसेट पहन रखा था और वो एक गेम खेल रही थी, तभी पुरुषों के एक समूह ने कथित तौर पर उसके अवतार के साथ बलात्कार किया।
पहुंचा मानसिक और भावनात्मक आघात
जांच अधिकारियों ने कहा, इस घटना में लड़की को कोई शारीरिक चोट नहीं आई है, लेकिन किशोरी को उसी तरह का मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक आघात झेलना पड़ा, जैसा किसी को पीड़िता को "वास्तविक दुनिया" में बलात्कार का सामना करने वक्त महसूस होता है।
बलात्कार के मामले से परिचित एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूयॉर्क पोस्ट से बात करते हुए कहा, " पीड़िता पर भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक प्रभाव होता है जो किसी भी शारीरिक चोट से अधिक लंबे समय तक रहता है।"
पुलिस पहली बार कर रही ऐसे मामले की जांच
माना जा रहा है कि यह वर्चुअल यौन अपराध का पहला मामला है जिसकी जांच पुलिस कर रही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि जब मेटावर्स में उसके अवतार के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया तो वह किशोर लड़की किस तरह का खेल खेल रही थी।
पुलिस के सामने एक बड़ी चुनौती
अधिकारी ने कहा कि यह लॉ एनफोर्समेंट के लिए कई चुनौतियां खड़ी करता है क्योंकि मौजूदा कानून में इन सब चीजों से निपटने की पर्याप्त व्यस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि इस केस में जांच परेशानी भरी होगी क्योंकि फिलहाल देश में वर्चुअल रेप को लेकर कोई कानून नहीं है।
गृह मंत्री ने जांच का किया समर्थन
ब्रिटेन के गृह मंत्री जेम्स क्लेवर्ली ने मामले में जांच का बचाव करते हुए कहा कि एक बच्ची यौन आघात से गुजरी है। उन्होंने कहा कि इस मामले को 'वास्तविकता से परे' कहकर आसानी से खारिज किया जा सकता है, लेकिन बड़ी बात ये है कि आज के युवा इसमें बहुत हद तक डूबे हुए हैं, जिसकी वजह से ऐसे मामलों का उनके दिमाग पर गहरा असर पड़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे मामलों से ये भी पता चलता है कि जो लोग वर्चुअल रिएलिटी में किसी बच्ची के साथ ऐसा कर सकते हैं, वो असल दुनिया में भी भयानक चीजें कर सकते हैं।
मेटा ने क्या कहा?
फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा ने 2021 में होराइजन वर्ल्ड्स नाम का एक वर्चुअल रिएलिटी स्पेस बनाया था। यह एक मुफ्त वीआर गेम है। होराइजन वर्ल्ड्स में यौन अपराध से जुड़े अब तक कई मामले सामने आ चुके हैं।
मेटा के एक प्रवक्ता ने इस मामले पर कहा-हमारे प्लैटफॉर्म पर इस तरह के अपराधों की कोई जगह नहीं है। इससे बचने के लिए हमने अपने यूजर्स के लिए एक पर्सनल बाउंड्री भी बनाई है। ये अनजान लोगों को यूजर के अवतार से कुछ फीट दूरी पर रखती है।












Click it and Unblock the Notifications