China Shanxi Fire: चीन के कोयला प्लांट में भीषण आग, 26 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उत्तरी चीन के लुलियांग में शांक्सी प्रांत के कोयला कंपनी की एक चार मंजिला इमारत में गुरुवार को आग लगने से कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई है। ये घटना सुबह 7 बजे घटी।
इस घटना के बाद अब तक इमारत में से 63 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है, जिसमें से 51 को स्थानीय अस्पताल में चिकित्सा सहायता मिल रही है। सरकारी मीडिया के मुताबिक, आग पर काबू पाने के बावजूद बचाव अभियान जारी है। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।

सरकारी बीजिंग यूथ डेली द्वारा चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर पोस्ट किए गए वीडियो में इमारत से आग की लपटें और घना धुआं निकलता दिख रहा है। आग उस प्रांत में लगी जो देश का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक है।
चीन में आग लगने की घटना आम
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक चीन में अक्सर सुरक्षा मानकों को लागू करने में ढिलाई के कारण ऐसी घटनाएं होती हैं। इसी साल जुलाई के महीने में देश के उत्तर-पूर्व में एक स्कूल जिम की छत गिरने से 11लोगों की मौत हो गई थी। उससे ठीक 1 महीने पहले चीन के उत्तर-पश्चिमी में एक बारबेक्यू रेस्तरां में आग लगने की वजह से 31 लोग मारे गए थे।
चीन में आए दिन आग लगने की दुर्घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान भी शुरू की गई थी। इसी साल अप्रैल में बीजिंग के एक अस्पताल में आग लगने से 29 लोगों की मौत हो गई और बचे लोगों को जान बचाने के लिए खिड़कियों से बाहर कूदने के लिए मजबूर होना पड़ा।
इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा फैल गया क्योंकि कई लोगों ने इस घटना पर रिपोर्टिंग की कमी पर सवाल उठाया। लोग इस बात से भी नाराज थे कि मरीजों के रिश्तेदारों को पहले क्यों सूचित नहीं किया गया।
चीन के तियानजिन में साल 2015 में इतिहास की सबसे बड़ी दुर्घटना घटित हुई थी, जब एक केमिकल के गोदाम में विस्फोट हो जाने की वजह से 165 लोग मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications