हमास को जड़ से उखाड़ने गाजा पट्टी में इजराइल की भीषण बमबारी, एक लाख सैनिकों को युद्ध में उतारा
Israel Attack on Gaza: इजराइल ने हमास के खिलाफ युद्ध में एक लाख सैनिकों को उतार दिया है और गाजा पट्टी पर भीषण बमबारी की जा रही है। इजराइली प्रधानमंत्री ने युद्ध की घोषणा कर दी है।
इजराइल युद्ध पर बड़े अपडेट्स
-फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास के खिलाफ इजराइल ने आधिकारिक तौर पर युद्ध की घोषणा कर दी है और इजराइल ने रात भर गाजा पट्टी पर हमले किए हैं, जिसमें दर्जनों बिल्डिंग्स ध्वस्त हो गये हैं। इजराइल ने कहा है, कि उसने गाजा के पास अपने एक लाख सैनिकों को उतार दिया है।
- दक्षिणी इज़राइल में कम से कम तीन क्षेत्रों में हमास के बंदूकधारियों और इजरायली सैनिकों के बीच भीषण लड़ाई जारी है, जिसमें करमिया में एक किबुत्ज़ और अश्कलोन और सेडरोट शहर शामिल हैं।
- स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इस लड़ाई में मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और अभी तक 436 फ़िलिस्तीनियों की मौत हुई है, और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार 700 से अधिक इज़रायलियों की जान अभी तक जा चुकी है।
- हमास और फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद ने कहा है, कि उन्होंने गाजा के अंदर 130 से ज्यादा इजराइली लोगों को बंदी बना रखा है।

हमास के खिलाफ ऑल ऑउट लड़ाई
फिलिस्तीनी अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि गाजा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 436 हो गई है, क्योंकि इजरायल ने हमास के हमले के जवाब में अलग-थलग, घनी आबादी वाले इलाके में हवाई हमले किए हैं।
गाजा में फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मरने वालों में 81 बच्चे और 61 महिलाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है, कि गाजा में करीब 2,271 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 244 बच्चे और 151 महिलाएं शामिल हैं।
वहीं, इजराइल ने अपने 16 और सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है और मारे गये सैनिकों के नाम जारी किए हैं। अब तक इस युद्ध में इजराइल के 73 सैनिक मारे जा चुके हैं।
वहीं, इजराइल के पूर्व प्रधान मंत्री और वर्तमान में विपक्ष के नेता, यैर लैपिड ने सरकार के साथ आपातकाली स्थिति में एकता का आह्वान किया है और उन्होंने इस आपतकालीन मौके पर इजराइली सरकार में शामिल होने की इच्छा जताई है।
यैर लैपिड ने कहा है, कि अगर मौजूदा सरकार के कुछ सदस्य, जो दक्षिणपंथी दलों से हैं, उन्हें अपने पदों से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया जाता है, फिर भी वो नेतन्याहू सरकार को गिरने नहीं देंगे। इस्तीफे की स्थिति में वो सरकार में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

इजराइली मीडिया का दावा क्या है?
टाइम्स ऑफ इजराइल ने दावा किया है, कि रातभर इजराइली वायुसेना ने गाजा पट्टी में बमबारी की है और एयरस्ट्राइक अभी भी जारी है। रिपोर्ट में कहा गया है, कि इजराइली हमले में गाजा पट्टी को भारी नुकसान पहुंचा है।
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, रात भर में गाजा पट्टी में आतंकियों के 500 ठिकानों को निशाना बनाया गया है, उनमें आठ हमास और फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के वॉर रूम थे। इसके अलावा, हमास के लड़ाकों के ठिकाने, उनकी संपत्ति वाले टावर, हमास के नौसैनिक बलों में एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा उपयोग किया जाने वाला एक कमांड सेंटर, जबालिया में एक मस्जिद के भीतर स्थित "हमास द्वारा उपयोग की जाने वाली ऑपरेशनल प्रॉपर्टी", आतंकवादी समूह द्वारा ख़ुफ़िया जानकारी के लिए उपयोग की जाने वाली प्रॉपर्टी, और उत्तरी गाजा में बीट हनौन क्षेत्र में बनाए गये तीन सुरंगों को तबाह कर दिया गया है।
इजराइल ने रविवार को आधिकारिक तौर पर युद्ध की स्थिति की घोषणा कर दी, क्योंकि हमास के बड़े हमले में मरने वालों की संख्या 700 से ऊपर हो गई है और इसके और बढ़ने की आशंका है, अपहरण करके गाजा पट्टी में ले जाए गए सौ से ज्यादा लोगों की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।

कहां-कहां हो रही है जमीनी लड़ाई?
इजराइली सेना का कहना है, कि इज़राइल के अंदर गाजा पट्टी के आसपास सात से आठ स्थानों पर इजरायली सेना और हमास आतंकवादियों के बीच लड़ाई जारी है। सैन्य प्रवक्ता रिचर्ड हेचट ने संवाददाताओं से कहा, कि "हम अभी भी लड़ रहे हैं। गाजा के आसपास सात से आठ खुली जगहें हैं, जहां हमारे योद्धा अभी भी आतंकवादियों से लड़ रहे हैं।"
उन्होंने कहा, कि "हमने सोचा था, कि कल तक हमारा पूरा नियंत्रण हो जाएगा और मुझे उम्मीद है कि हम दिन के अंत क्षेत्र पर कंट्रोल कर लेंगे।"
इजराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने कहा है, कि गाजा पट्टी के ओपन बॉर्डर के जरिए हमास के आतंकवादी अभी भी इजराइल में घुसपैठ कर रहे हैं, जिन्हें रोकने की कोशिश की जा रही है। आईडीएफ ने कहा है, कि आतंकवादियों के घुसपैठ के बाद इजराइल की सुरक्षा को गहरा नुकसान हुआ है। आईडीएफ ने उन आतंकवादियों के खिलाफ कई हवाई हमलों के फुटेज प्रकाशित किए जो रातों-रात इज़राइल में प्रवेश कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications