काबुल एयरपोर्ट के पास धमाके की आवाज, रॉकेट से घर को किया गया टारगेट- रिपोर्ट
काबुल, 29 अगस्त: काबुल एयरपोर्ट के पास फिर से धमाके की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास घर को टारगेट करके रॉकेट से हमला किया गया है। यह हमला तब हुआ है, जब आतंकी हमलों की आशंकाओं के मद्देनजर पहले से ही अलर्ट जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा है कि शुरुआती सूचना के मुताबिक रॉकेट ने एक घर को हिट किया है। धमाके वाली जगह पर एक जोरदार आवाज सुनाई देने की जानकारी मिल रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में एक बच्चे की मौत हो गई है।

काबुल एयरपोर्ट के पास रॉकेट से हमले की खबर
एएफपी के पत्रकारों की खबर के मुताबिक रविवार को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई पड़ी है। यह धमाका अमेरिकी अधिकारियों की उस चेतावनी के कुछ ही घंटों बाद हुआ है, जिसमें आतंकी हमले की आशंका जाहिर की गई थी। पिछली अफगान सरकार के सुरक्षा अधिकारी रहे एक शख्स ने एएफपी से कहा है कि यह एक रॉकेट हमला था और 'शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह एक घर पर गिरा है।' उधर रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक 'दो चश्मदीदों ने कहा है कि ऐसा लगता है कि रॉकेट काबुल एयरपोर्ट के उत्तरी इलाके में एक घर पर गिरा है, लेकिन इसके बारे में तात्कालिक पुष्टि नहीं हुई है।'
अभी किसी संगठन ने नहीं ली है जिम्मेदारी
उधर अफगान पुलिस के एक चीफ के हवाले से कहा गया है कि रॉकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ही गिरा है, जहां पर एक बच्चे की मौत हो गई है। काबुल के पुलिस प्रमुख राशिद (एक ही नाम है) के हवाले से कहा गया है कि रॉकेट रविवार दोपहर बाद गिरा है। अभी तक किसी भी ग्रुप ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। यह हमला ऐसे वक्त में हुआ है जब अमेरिका अपना बोरिया-बिस्तर समेटने और लोगों को वहां से निकालने की प्रक्रिया के अंतिम दौर में है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने हमले की जताई थी आशंका
बता दें कि पिछले हफ्ते इस्लामिक स्टेट-खुरासान के आत्मधाती हमले में 180 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर आई थी, जिसके बाद तालिबान ने एयरपोर्ट के आसपास अपनी सुरक्षा बढ़ा दी थी। इस हमले में अमेरिका के 13 कमांडो भी मारे गए थे। इसके बाद शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा था कि काबुल के हामिद करजई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अगले 24 से 36 घंटों में एक और आतंकी हमले की आशंका है। इसके बाद काबुल स्थित अमेरिकी दूतावास ने भी एक सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया था।
आईएस-खुरासान के ठिकाने पर अमेरिका ने किया था एयरस्ट्राइक
बाइडेन ने कहा था, 'हमारे कंमांडरों ने मुझे सूचित किया है कि अगले 24 से 36 घंटों में एक हमले की बहुत ही ज्यादा आशंका है।' उन्होंने अपनी सेना से वहां मौजूद अमेरिकियों की सुरक्षा पुख्ता रखने के निर्देश भी जारी किए थे। बता दें कि अब अमेरिकी सैनिकों के अफगानिस्तान छोड़ने में सिर्फ दो दिन बचे हुए हैं। उन्हें 31 अगस्त तक अफगानिस्तान से चले जाना है। लेकिन, अमेरिका ने जिस तरह से एयरपोर्ट के पास आत्मघाती हमले के लिए एक और आतंकी संगठन आईएस-खुरासान पर एयर स्ट्राइक किया है और उसमें उसके दो प्रमुख प्लानरों को ढेर करने का दावा किया है, उससे बदले की कार्रवाई की आशंका बहुत ज्यादा बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications