ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह शहर की आठ मंजिला इमारत में हुआ भयंकर विस्फोट, दहशत में आए लोग, देखें Video
Blast rocks Iran's Bandar: ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में शनिवार को एक आठ मंजिला इमारत में जोरदार धमाका हुआ। जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस विस्फोट से आस-पास की दुकानों और आवासीय इमारतों को काफी क्षति हुई। एक स्थानीय अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि प्रारंभिक रिपोर्टों में धमाके की वजह गैस रिसाव बताई जा रही है।
धमाके की सूचना मिलते ही बचाव और अग्निशमन दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। राहत कार्य शुरू कर दिए गए सरकारी मीडिया और एएफपी के मुताबिक, खाड़ी तट पर स्थित इस शहर में हुए धमाके की वजह अभी अज्ञात है। सरकारी टेलीविजन ने बताया कि मुअल्लम बुलेवार्ड पर स्थित इस इमारत की दो मंजिलें ढह गईं, जिससे कई वाहन और पास की दुकानें भी क्षतिग्रस्त हुईं।

यह धमाका शहर के सेंटर हिस्से में हुआ, जिसने तेज आवाज सुनकर निवासियों में दहशत फैला दी। अधिकारियों ने इलाके को सील कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी IRNA ने होर्मोजगन प्रांत के आपदा प्रबंधन महानिदेशक, मेहरदाद हसनजादे के हवाले से बताया कि धमाके के कारणों की जांच जारी है। हसनजादे ने पुष्टि की कि इमरजेंसीकर्मियों द्वारा घायलों को अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है, पर किसी मौत की सूचना या पुष्टि नहीं हुई है। सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित दृश्यों में इमारत का बाहरी हिस्सा पूरी तरह उड़ गया था, अंदरूनी भाग दिख रहा था और चारों तरफ मलबा बिखरा था।
अन्य ईरानी मीडिया आउटलेट्स ने भी इस धमाके से संबंधित खबरें साझा कीं, लेकिन विस्फोट के सटीक कारण पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं मिली। यह धमाका ईरान के लिए बढ़े हुए तनाव के बीच हुआ है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कड़े बयानों के बाद अमेरिका ने हाल ही में क्षेत्र में एक विमानवाहक पोत समूह तैनात किया था।












Click it and Unblock the Notifications