अर्जेंटीना की गुमशुदा पनडुब्बी में धमाका, परिवारों का गु़स्सा फूटा
अर्जेंटीना की ग़ुमशुदा पनडुब्बी के सही सलामत होने की उम्मीद अब कम ही बची है. देश की नौसेना ने कहा है कि उसने समुद्र में एक धमाका सुना है.
ये पनडुब्बी पिछले नौ दिनों से ग़ायब है. नौसेना के प्रवक्ता ने कहा है कि दक्षिण अटलांटिक में पिछले हफ़्ते एक असाधारण, कम अवधि वाला, हिंसक 'हादसा' रिकॉर्ड किया गया है.
नौसेना को यक़ीन है कि 'हादसा' दरअसल एक धमाका ही है.
ग़ुस्सा और दुख
पनडुब्बी पर तैनात नाविकों के परिवार वालों ने इस ख़बर पर ग़ुस्से और दुख का इज़हार किया है.
इससे पहले अमरीका ने भी इस इलाके में एक बड़े धमाके की रिपोर्ट दी थी.
एआरए सेन हुआन नाम की पनडुब्बी बीते बुधवार को ग़ायब हो गई थी. अमरीका, रूस और ब्रिटेन समेत करीब बारह देशों ने इसे खोजने के लिए अपने दल भेजे हैं.
अर्जेंटीना की नौसेना का कहना है कि उन्हें धमाके की जानकारी विएना स्थित संस्था सीटीबीटीओ ने दी है. ये संस्था परमाणु टेस्ट पर पाबंदी लगाने की पैरवी करती है.
नौसेना को फ़िलहाल सिर्फ़ धमाके की जगह के बारे में पता है, इसके कारणों की कोई जानकारी नहीं है.
परिवारों की प्रतिक्रिया
धमाके की ख़बर के बाद नाविकों के रिश्तेदार मार डेल प्लाटा के नौसैनिक अड्डे पर जमा हो गए.
इनमें से कुछ ने काफ़ी ग़ुस्से भरी प्रतिक्रिया. कुछ के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे
रिश्तेदारों ने नौसेना पर उनसे झूठ बोलने और खोखले दिलासे देने का आरोप लगाया. कुछ ने सरकार की तरफ़ भी उंगली उठाई.
उन्होंने सेना में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए.
एक व्यक्ति जिसका भाई पनडुब्बी पर सवार है, उसने कहा, "उन्होंने मेरे भाई को मार दिया."
कहां दिखी आख़िरी बार पनडुब्बी?
पनडुब्बी दक्षिण अमरीका के सबसे नीचले छोर से एक रूटीन मिशन के बाद लौट रही थी. फिर ख़बर आई कि पनडुब्बी के भीतर बिजली चली गई है.
नौसेना के कमांडर गेब्रियल गेलियाज़ी ने कहा कि पनडुब्बी समुद्र की सतह तक आई और फिर उसमें गड़बड़ियां शुरू हो गईं.
उसे तुरंत अपने मिशन छोड़ कर मार डेल प्लाटा बंदरगाह पर लौटने के आदेश दिए गए.
उसके बाद पनडुब्बी के कप्तान ने एक बार फिर नौसेनिक अड्डे से संपर्क किया.
अपने संदेश में कप्तान ने कहा कि पनडुब्बी में आ रही दिक्कत को लगभग ठीक कर लिया गया है और वो गहरी डुबकी लगा कर नौसैनिक अड्डे की ओर रवाना होंगे.
पनडुब्बी से आख़िरी संपर्क बीते बुधवार को सुबह साढ़े सात बजे हुआ था. इसके बाद पनडुब्बी का क्या हुआ ये रहस्य बरक़रार है.
कौन है पनडुब्बी में
पनडुब्बी पर 44 नाविक हैं. इसकी कमांड पेडरो मार्टीन फ़र्नांडेज़ के हाथ में है.
इनमें 43 नाविक पुरुष हैं लेकिन पनडुब्बी पर एक महिला भी सवार है.
35 साल की एलियाना मारिया क्राचिक अर्जेंटीना की पहली महिला पनडुब्बी ऑफ़िसर हैं.
उनके पिता उन्हें समुद्र की रानी कहते हैं.
ब्राज़ील, चिली, कोलंबिया, फ़्रांस, जर्मनी, पेरू, दक्षिण अफ़्रीका, उरूग्वे और ब्रिटेन के समुद्री और हवाई जहाज़ पनडुब्बी की खोज में डटे हुए हैं.
अमरीकी नौसेना ने अपनी दो पनडुब्बियां इस काम मे लगाई हैं. अमरीकी स्पेस एजेंसी नासा भी खोज अभियान में मदद कर रही है.












Click it and Unblock the Notifications