America: Washington में बड़ा धमाका, 8 लोगों की दर्दनाक मौत, 22 लाख लीटर कैमिकल से भरा टेंक फटा- Video
Explosion in America: अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में हुए एक भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ है, वहां से छह और शव बरामद किए गए हैं। वहीं द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का मानना है कि अभी भी तीन और शव मलबे के अंदर फंसे हो सकते हैं, लेकिन वहां तक पहुंचना बेहद मुश्किल बना हुआ है।
वॉशिंगटन के इतिहास की सबसे बड़ी इंडस्ट्रियल ट्रेजिडी
यह हादसा अब वॉशिंगटन राज्य के आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी इंडस्ट्रियल ट्रेजिडी में गिना जा रहा है। लॉन्गव्यू (Longview) स्थित इस पेपर मिल में लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, फैक्ट्री के अंदर मौजूद खतरनाक केमिकल्स और क्षतिग्रस्त टैंक के आसपास का इलाका इतना जोखिम भरा है कि राहत और खोज अभियान काफी धीमा हो गया है।

कैसे हुआ विस्फोट?
यह घटना मंगलवार को निप्पॉन डायनेवेव पैकेजिंग प्लांट (Nippon Dynawave Packaging Plant) में हुई। यहां 600,000 गैलन (लगभग 22 लाख लीटर) "व्हाइट लिकर" नाम के एक बेहद संक्षारक (corrosive) केमिकल से भरा विशाल टैंक अचानक फट गया। यह केमिकल लकड़ी के चिप्स को पैकेजिंग बोर्ड में बदलने की प्रक्रिया में इस्तेमाल किया जाता है। देर शाम तक इमरजेंसी टीमें फैक्ट्री के अंदर फंसे कर्मचारियों को खोजने में लगी रहीं। विस्फोट की ताकत इतनी ज्यादा थी कि प्लांट का बड़ा हिस्सा बुरी तरह तबाह हो गया।
शिफ्ट बदलने के समय हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब सुबह की शिफ्ट बदल रही थी। लॉन्गव्यू फायर डिपार्टमेंट के बटालियन चीफ मैट एमोस (Matt Amos) ने बताया कि ज्यादातर मृतक और लापता कर्मचारी उसी जगह मौजूद थे, जहां वे दिन की ड्यूटी शुरू होने से पहले अपने असाइनमेंट लेने के लिए इकट्ठा हुए थे। यही वजह रही कि एक साथ इतने कर्मचारी विस्फोट की चपेट में आ गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन में क्यों आ रही दिक्कत?
अधिकारियों ने बताया कि प्लांट की संरचना को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, टैंक के आसपास पानी और खतरनाक कैमिकलों का मिक्सचर जमा हो गया है, जिससे बचाव कार्य और ज्यादा मुश्किल हो गया है। रेस्क्यू टीम को हर बार अंदर जाने से पहले भारी सिक्योरिट सूट पहनने पड़ रहे हैं। बाहर निकलने के बाद उन्हें डी-कंटैमिनेशन (decontamination) प्रोसेस और मेडिकल जांच से भी गुजरना पड़ता है। यही कारण है कि राहत दल दिन में केवल कुछ बार ही घटनास्थल के अंदर जा पा रहे हैं।
अब भी नहीं पहुंच पाए टैंक तक
इतनी कोशिशों के बावजूद बचाव दल अभी तक उस मुख्य रासायनिक टैंक तक नहीं पहुंच पाए हैं जहां सबसे ज्यादा खतरा बना हुआ है। लॉन्गव्यू फायर चीफ ब्रैड हैनिग (Brad Hannig) ने कहा कि लापता कर्मचारियों के परिवार लगातार जानकारी चाहते हैं, लेकिन राहत टीमों को लोगों की चिंता और मौके पर मौजूद खतरे के बीच संतुलन बनाना पड़ रहा है। उन्होंने घटनास्थल को एक एक्टिव और बेहद खतरनाक माहौल बताया।
जांच में भी आ रही मुश्किलें
इस हादसे की जांच भी आसान नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, फैक्ट्री में निगरानी कैमरे मौजूद थे, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि केमिकल रिसाव और विस्फोट के वक्त सभी कर्मचारी कहां मौजूद थे। इसके अलावा, तबाह हुआ केमिकल टैंक अब भी अस्थिर स्थिति में है और उससे लगातार रिसाव हो रहा है। यह पूरा इलाका पाइपलाइन, बिजली की तारों और कई तरह के केमिकल्स से घिरा हुआ है। फिलहाल बचाव दल मौके पर मौजूद है और लापता लोगों को खोजने का अभियान लगातार जारी है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications