अफगानिस्तान में चुनावी रैली में ब्लास्ट, 12 लोगों की मौत, 32 घायल
काबुल। अफगानिस्तान के तखार प्रांत के रोस्ताक जिले में शनिवार को एक चुनावी रैली में ब्लास्ट की खबरें हैं। अफगानिस्तान के टोलो न्यूज की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिेक ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हो गई है। मारे गए लोगों में एनडीएस ऑफिसर और एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। धमाके में 32 लोग घायल हैं। यह धमाका उस समय हुआ है जब एक महिला उम्मीदवार नाजिया युसूफी बेक की चुनावी रैली शुरू होने वाली थी। अभी तक मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मोटरसाइकिल में रखा था बम
टोलो न्यूज की ओर से बताया गया है कि अफगानिस्तान के नॉर्थ-ईस्ट में स्थित तखार इलाके में नाजिया यूसुफी बेक की चुनावी रैली होने वाली थी। रैली में पहले से ही मोटरसाइकिल विस्फोटक रखा था और कुछ ही पलों में इसमें ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से दर्जनों लोग मारे गए। जिस समय ब्लास्ट हुआ, नाजिया रैली स्थल पर नहीं पहुंची थीं। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। तखार प्रांत, अफगानिस्तान का ऐसा प्रांत है जिसकी सीमाएं तजाकिस्तान से मिलती हैं। यहां पिछले एक वर्ष से तालिबान के आतंकी सक्रिय हैं। आपको बता दें कि अफगानिस्तान में इस माह स्थानीय निकाय चुनाव होने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications