मशहूर रैपर एमिनेम ने विवेक रामास्वामी को दी चेतावनी, कहा- चुनाव प्रचार के दौरान उसके गाने न बजाएं
रैप म्यूजिक के गॉड कहे जाने वाले एमिनेम ने रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी से अपने अभियान के दौरान उनका संगीत इस्तेमाल न करने को कहा है।
रामास्वामी रिपब्लिकन प्राइमरी रेस में बढ़त बना चुके हैं। बीते दिनों आयोवा स्टेट फेयर में विवेक रामास्वामी एमिनेम के लूज़ योरसेल्फ के साथ रैप करते हुए उनका एक वीडियो खूब वायरल हुआ था।

अब रैपर एमिनेम ने औपचारिक रूप से इस पर आपत्ति जताई है। प्रदर्शन अधिकार संगठन (BMI) ने ग्रैमी विजेता रैपर के अनुरोध पर रामास्वामी की कैंपेन टीम को सूचित किया कि वह अब रामास्वामी के कैंपेन में एमिनेम के गानों का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देगा।
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक म्यूजिक लाइसेंसर ब्रॉडकास्ट को एमिनेम की तरफ से आधिकारिक शिकायत मिली थी, जिसमें एमिनेम ने मांग की थी कि रामास्वामी उनके संगीत का इस्तेमाल ना करें।
अब विवेक रामास्वामी की कैंपेन टीम ने सीएनएन से कहा है कि वे इस अनुरोध का अनुपालन करेंगे। कैंपेन टीम ने कहा कि विवेक रामास्वामी स्टेज पर जाने के बाद लोगों से मेलजोल बढ़ाते हैं और ये उनका युवाओं से जुड़ने का अंदाज है, लेकिन आगे कॉपीराइट को ध्यान रखते हुए वह इन चीजों को देखेंगे।
बता दें कि रामास्वामी रैप संगीत के बड़े प्रशंसक रहे हैं और हावर्ड से स्नातक की पढ़ाई के दौरान बाकायदा विवेक रामास्वामी रैप किया करते थे। इस दौरान उनका मंच का नाम 'द वेक' हुआ करता था।
आपको बता दें कि 38 साल के विवेक रामास्वामी अभी अमेरिकी राष्ट्रपति बनने की रेस में सबसे कम उम्र के उम्मीदवार हैं। रिपब्लिकन पार्टी की पहली टीवी डिबेट के बाद उनकी रेटिंग काफी ऊपर गई है। वह ट्रंप के बाद रिपल्किन पार्टी के सबसे कद्दावर प्रतिद्वंदी रॉन डिसैंटिस को काफी पीछे छोड़ चुके हैं।
यह पहली बार नहीं हुआ है जब किसी संगीतकार ने किसी नेता को चुनाव प्रचार के दौरान अपना संगीत इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताई है। इससे पहले मशहूर सिंगर रिहाना, एडेल, रोलिंग स्टोन ने भी शिकायत की थी डोनाल्ड ट्रंप उनकी बिना इजाजत के उनके गीतों का इस्तेमाल अपने चुनाव प्रचार में कर रहे हैं।
कौन हैं एमिनेम?
एमिनेम को रैप म्यूजिक का भगवान कहा जाता है। उम्र के पांच दशक पार कर चुके एमिनेम का असली नाम मार्शल ब्रूस मैथर्स है, लेकिन फैंस उन्हें स्लिम शेडी, रैपगॉड और बी-रैबिट के नाम से भी जानते हैं।
एमिनेम ने म्यूजिक करियर की शुरुआत साल 1988 में की थी। इस दौरान वे सिर्फ 16 साल के थे। करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें काफी रंगभेद का सामना करना पड़ा। चूंकि रैप म्यूजिक पर शुरुआत से ही ब्लैक लोगों का वर्चस्व है। ऐसे में एक एक वाइट रैपर का आना लोगों को पसंद नहीं आया। आज दुनियाभर में एमिनेम को लोग जानते हैं।












Click it and Unblock the Notifications