अमेरिकी सरकार ने कोरोना के मरीजों के इलाज में Remdesivir दवा को दी मंजूरी
वॉशिंगटन। अमेरिकी सरकार ने रेमडेसिवीर दवा के कोरोना वायरस मरीजों पर आपातकाल प्रयोग की मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में हुई मीटिंग के बाद सरकार की तरफ से इसे हरी झंडी दी गई। सरकार की तरफ से मंजूरी मिलने के बाद दवा बनाने वाली कंपनी गिलेड साइंसेज के चीफ एग्जिक्यूटिव डैनियल ओडे ने कहा है कि यह एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी मरीजों की मदद 1.5 मिलियन बॉटल दान में देगी। अमेरिका में कोरोना वायरस की वजह से 65,435 लोगों की मौत हो गई है।

सरकार की मंजूरी के बाद अस्पताल कर सकेंगे प्रयोग
अमेरिका के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की तरफ से शुक्रवार को इसे आधिकारिक मंजूरी मिली है। अब अमेरिकी अस्पतालों में इस दवा का प्रयोग किया जा सकेगा। बताया जा रहा है कि कंपनी की तरफ से जितनी बॉटल दान में दी गई हैं, वो कम से कम 140,000 मरीजों के लिए काफी होगी। रेमडेसिवीर दवा के ट्रायल में करीब 50 प्रतिशत मरीजों की हालत सुधरी है। इस एंटी-वायरस दवा के ट्रायल में अमेरिका को बड़ी कामयाबी मिली और इसके प्रयोग के बाद मरीजों में कोरोना वायरस की वृद्धि रूक गई है। चीन ने रेमडेसिवीर को ट्रायल के बाद रिजेक्ट कर दिया था। अब इस दवा ने ही अमेरिका को बड़ी उम्मीदें दी हैं। इस दवा का ट्रायल सबसे पहले इबोला वायरस के खिलाफ हुआ था। अब एक्सपर्ट्स की नजरें इस पर लगी हुई हैं। अमेरिका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (एनआईएच) की तरफ से ट्रायल के बाद जो आंकड़ें जारी किए गए उसमें नजर आया था कि रेमडेसिवीर दवा के प्रयोग से अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में 31 प्रतिशत तक की गिरावट हुई थी। ऐसे समय में जब कोरोना वायरस की कोई भी दवा मौजूद नहीं हैं रेमडेसिवीर की तरफ अब कई देश आशा भरी नजरों से देख रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications