एलन मस्क ट्विटर के मालिक बने तो नहीं जाएगी 75 प्रतिशत कर्मचारियों की नौकरी !
एलन मस्क ने बुधवार को ट्विटर इंक के कर्मचारियों से कहा कि जब वह कंपनी संभालेंगे तो उनकी 75% कर्मचारियों को हटाने की कोई योजना नहीं है।
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (Tesla CEO Elon Musk) ने ट्विटर इंक (Twitter Inc.) के कर्मचारियों से कहा है कि जब वह कंपनी संभालेंगे तो 75 प्रतिशत कर्मचारियों को छांटने की उनकी कोई योजना नहीं है। बता दें कि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ट्विटर इंक के साथ अपने 44 बिलियन डॉलर के खरीद को 28 अक्तूबर तक पूरा करने की योजना बना रहे हैं। क्योंकि टेस्ला के सीईओ के पास सप्ताह के अंत तक या तो ट्विटर डील को पूरा करने या अदालत में मुकदमे का सामना करने का समय है।

ट्विटर में छंटनी नहीं करेंगे मस्क
मामले से परिचित लोगों के अनुसार, एलोन मस्क ने बुधवार को ट्विटर इंक के कर्मचारियों से कहा कि जब वह कंपनी संभालेंगे तो उनकी 75% कर्मचारियों को हटाने की कोई योजना नहीं है। वहीं, । सीएनएन बिजनेस की रिपोर्ट के अनुसार, एलन मस्क के पास शुक्रवार शाम पांच बजे तक ट्विटर अधिग्रहण सौदा बंद करने का समय है नहीं तो उन्हें अदालत में मुकदमा का सामना करना पड़ेगा।

शुक्रवार तक डील होगी फाइनल
सूत्रों के मुताबिक बिनेंस, कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, सिकोइया कैपिटल, सहित अन्य इक्विटी निवेशकों ने मस्क के वकीलों द्वारा वित्तपोषण प्रतिबद्धता के लिए आवश्यक कार्रवाई से संबंधित दस्तावेज प्राप्त कर लिए हैं। एलन मस्क की ओर से उठाया गया यह कदम अभी तक का सबसे स्पष्ट संकेत है कि मस्क ने शुक्रवार तक लेनदेन को पूरा करने के लिए डेलावेयर अदालत के न्यायाधीश द्वारा दिए गए समय सीमा का पालन करने की योजना बनाई है।
सिंक लेकर टहल रहे मस्क
एलन मस्क ने 44 बिलियन डॉलर की ट्विटर डील पूरी करने की कोर्ट की डेडलाइन के 2 दिन पहले अपने बायो को 'Chief twit' से अपडेट कर लिया है। इतना ही नहीं, वे बुधवार को ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को स्थित हेडक्वॉर्टर भी पहुंचे। इस दौरान वह अपने दोनों हाथों में एक सिंक को लेकर कार्यालय में टहल रहे थे। इन सबके बीच ट्विटर के कर्मचारियों को अब भी छंटनी का डर सता रहा है।

75 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी होगी
पहले एक रिपोर्ट आई थी जिसमें ट्विटर की कमान एलन मस्क के हाथों में आने के बाद वह अपनी योजना के मुताबिक ट्विटर के 75 फीसदी कर्मचारियों की छुट्टी कर सकते हैं। मस्क ने निवेशकों से कहा था कि वह कंपनी के 7,500 में से 75 प्रतिशत कर्मचारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा सकते हैं। हालांकि ट्विटर इंक ने इन रिपोर्ट्स से उलट प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कंपनी की छंटनी की कोई योजना नहीं है।

कुछ भी हो ट्विटर में छंटनी होना तय!
कंपनी का मालिक चाहे कोई भी हो ट्विटर में छंटनी होना तय माना जा रहा है। मीडिया रिपोटर्स की माने तो कंपनी के मौजूदा प्रबंधन ने अगले साल के आखिर तक कंपनी के पेरोल में करीब 80 करोड़ डॉलर की कटौती करने की योजना बनाई है। कंपनी के बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर में भी कटौती करने की योजना है।

एलन मस्क ने 44 अरब डॉलर लगाई थी ट्विटर की कीमत
बता दें कि एलन मस्क ने इसी साल 13 अप्रैल को ट्विटर को खरीदने का ऐलान किया था। उन्होंने 54.2 डॉलर प्रति शेयर के भाव से 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदने का ऑफर दिया था। लेकिन इसके बाद फेक अकांउट्स और स्पैम के कारण उन्होंने इस डील से दूरी बना ली। जिसे लेकर यह डील काफी चर्चा में रही यहां तक की ट्विटर इसके खिलाफ कोर्ट तक पहुंचा। हालांकि अब मस्क ट्विटर डील को कैंसिल करने के बजाय उसे पूरा करने जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications