Elon Musk ने यूक्रेन को माफी देने का किया फैसला! खुद उठाएंगे Starlink इंटरनेट देने का खर्च
स्पेस एक्स कंपनी ने पेंटागन को जो अनुरोध पत्र दिया था, उसमें कहा गया था, कि पेंटागन यूक्रेन की सरकार और स्टारलिंक के सैन्य उपयोग के लिए पैसों की व्यवस्था करे।
Elon Musk News: अंतरिक्ष की दुनिया में काम करने वाली कंपनी स्पेसएक्स के खरबपति मालिक एलन मस्क ने ऐसा लगता है, यूक्रेन को माफ कर दिया है और उन्होंने यूक्रेन में अपनी कंपनी स्टारलिंक का इंटरनेट सर्विस बरकरार रखने का फैसला किया है। एलन मस्क ने सोमवार को कहा कि, उनकी कंपनी युद्धग्रस्त यूक्रेन में स्टारलिंक इंटरनेट सेवा के लिए फंड देना जारी रखेगी और उन्होंने पेंटागन को फंडिंग के लिए सौंपे गये अनुरोध को वापस ले लिया है। एलन मस्क ने ट्विटर पर आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि,"स्पेसएक्स ने पहले ही फंडिंग के अपने अनुरोध को वापस ले लिया है।"

एलन मस्क का बड़ा ऐलान
इससे पहले अमेरिकी न्यूज मीडिया सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि, स्पेस एक्स कंपनी ने सितंबर महीने में अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन से यूक्रेन में स्टारलिंक इंटरनेट सर्विस देने के लिए फाइनेंस करने का अनुरोध किया था और करंपनी की तरफ से कहा गया था, कि स्टारलिंक लंबे वक्त तक के लिए यूक्रेन में महंगी इंटरनेट सर्विस देने में सक्षम नहीं है। वहीं, रिपोर्ट आई थी, कि पेंटागन एलन मस्क की कंपनी को फाइनेंस करने पर विचार भी कर रहा था, लेकिन अब एलन मस्क ने कहा है, कि उनकी कंपनी ने फाइनेंस का अनुरोध वापस ले लिया है। स्पेसएक्स ने पेंटागन को यूक्रेनी सरकार द्वारा संचालित मौजूदा टर्मिनलों के लिए सेवा के लिए भुगतान शुरू करने के साथ-साथ यूक्रेन की सैन्य और खुफिया सेवाओं के लिए लगभग 8,000 नए टर्मिनलों और सेवाओं को फाइनेंस करने के लिए कहा था। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सप्ताह की शुरुआत में स्पेसएक्स ने पेंटागन को चेतावनी दी थी, कि जब तक अमेरिकी सेना हर महीने दसियों मिलियन डॉलर का भुगतान नहीं करती है, तब तक वह यूक्रेन में इंटरनेट सर्विस को वित्तपोषित करना बंद कर सकता है।

कितना खर्च करते हैं एलन मस्क?
स्पेस एक्स कंपनी ने पेंटागन को जो अनुरोध पत्र दिया था, उसमें कहा गया था, कि पेंटागन यूक्रेन की सरकार और स्टारलिंक के सैन्य उपयोग के लिए पैसों की व्यवस्था करे। स्पेसएक्स का दावा है, कि इस साल के बाकी बचे महीनों के लिए 120 मिलियन अमरीकी डालर से अधिक की लागत आएगी और अगले 12 महीनों के लिए 400 मिलियन अमरीकी डालर के करीब खर्च हो सकता है। एलन मस्क की कंपनी के इस अनुरोध का सोशल मीडिया पर कई लोगों ने बचाव करने के साथ साथ आलोचना भी की है। आपको बता दें कि, यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद से एलन मस्क ने यूक्रेन में इंटरनेट सर्विस देना शुरू किया था, क्योंकि रूसी हमले में यूक्रेनी इंटरनेट सर्विस ध्वस्त हो गया था।

एलन मस्क और यूक्रेन में बहसबाजी
आपको बता दें कि, इस महीने की शुरूआत में दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क और यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के बीच ट्वीटर पर जमकर बहसबाजी हुई थी। एलन मस्क के एक ट्वीट ने यूक्रेन के राष्ट्रपति को आग-बबूला कर दिया था और दोनों ट्विटर पर आपस में भिड़ गये थे। दरअसल, इस विवाद की शुरूआत ट्विटर पर एलन मस्क के एक पोल से शुरू हुई, जिसमें उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शांति मुहैया करवाने और यूक्रेन के चार राज्यों, जिसे पुतिन ने रूस में विलय करवा दिया है, उसको लेकर बात की थी। दरअसल, एलन मस्क ने ट्विटर पर एक पोल आयोजित करते हुए चारों यूक्रेन में शांति स्थापना के लिए चारों यूक्रेनी राज्यों में संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में एक जनमत संग्रह का प्रस्ताव रखा था और उसपर लोगों से राय मांगी थी। एलन मस्क ने अपने ट्वीटर पोल में लिखा था, कि, यूक्रेन को जंग में तटस्थ रहना चाहिए, ताकि शांति बनी रहे। एलन मस्क ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और उन्होंने ये बताने की कोशिश की थी, कि वो शांति के पक्षधर हैं और उनका मकसद सिर्फ शांति की स्थापना करवाना है। लेकिन, उनके इस ट्वीट पर यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।

यूक्रेनी राजदूत ने दी थी गाली
वहीं, एलन मस्क के ट्वीट पर भड़के जर्मनी में यूक्रेनी राजदूत अंदरिज मेलन्यकने कहा था कि, 'Fu...off आपके लिए मेरा यही डिप्लोमेटिक जवाब है।' इसके साथ ही उन्होंने मस्क को धमकी देते हुए कहा था कि, आपके ट्वीट का नतीजा ये हुआ, कि अब कोई भी यूक्रेनी आपकी टेस्ला को नहीं खरीदेगा। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति के पोल पर करीब 10 लाख लोगों ने अपने विचार दिए थे, जिनमें ज्यादातर लोगों ने यही कहा था, कि वो यूक्रेन का समर्थन करने वाले एलन मस्क का समर्थन करते हैं। वहीं, एलन मस्क ने एक और ट्वीट में यह कहा कि, उनका मानना है कि, परमाणु युद्ध की आशंका काफी कम है।












Click it and Unblock the Notifications