Elon Musk को लगा बड़ा झटका, SpaceX का Starship आसमान में बिखरा, मंगल की उड़ान पर ग्रहण
Elon Musk Mars mission setback: अमेरिकी अरबपति एलन मस्क के मंगल ग्रह पर इंसानी बस्ती बसाने के सपने की दिशा में अहम माने जा रहे रॉकेट स्टारशिप का एक और परीक्षण मंगलवार (28 मई) को असफल रहा। यह घटना तब हुई जब परीक्षण उड़ान के दौरान यह विशाल रॉकेट भारतीय महासागर में जाकर विस्फोट के साथ समाप्त हो गया। दुनिया का सबसे बड़ा और शक्तिशाली लॉन्च वाहन कहे जाने वाला स्टारशिप, मंगलवार शाम करीब 6:36 बजे (भारतीय समयानुसार) टेक्सास के दक्षिणी छोर पर स्थित स्पेसएक्स के स्टारबेस सुविधा केंद्र से लॉन्च हुआ। यह वही इलाका है जिसे हाल ही में वोटिंग के जरिए शहर का दर्जा दिया गया है और अब इसका नाम भी स्टारबेस रख दिया गया है।

उड़ान के दौरान ही फटा रॉकेट
इस बार उम्मीदें अधिक थीं क्योंकि पिछली दो उड़ानें कैरिबियन क्षेत्र में रॉकेट के आग में जलकर बिखरने के साथ समाप्त हो गई थीं। इंजीनियरों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन उड़ान के कुछ ही देर बाद तकनीकी दिक्कतें सामने आने लगीं। पहला झटका तब लगा जब पहले चरण का सुपर हेवी बूस्टर, जो खाड़ी क्षेत्र (Gulf of Mexico) में सुरक्षित पानी में गिराया जाना था, वह उड़ान के दौरान ही फट गया। उसके बाद, ऊपरी चरण में लगे स्पेसशिप के दरवाजे नहीं खुल सके, जिससे वह स्टारलिंक सैटेलाइट सिम्युलेटर को तैनात नहीं कर पाया।
ये भी पढ़ें PM Modi and Elon Musk: पीएम मोदी ने की एलन मस्क से बात, सोशल मीडिया पर दी खास जानकारी
कैमरों की फीड अचानक बंद हो गई
हालांकि यह स्टारशिप अपने पिछले दो परीक्षणों की तुलना में अधिक दूरी तक गया, लेकिन इसके ईंधन टैंक में लीकेज होने लगी और यह अंतरिक्ष में घूमने लगा। स्थिति को संभालने के लिए मिशन टीम ने ईंधन वेंट किया, ताकि विस्फोट की तीव्रता को कम किया जा सके। लगभग 45 मिनट की उड़ान के बाद, जब लक्ष्य था कि यह ऑस्ट्रेलिया के पश्चिमी तट के पास समुद्र में लैंडिंग करेगा, कैमरों की फीड अचानक बंद हो गई। मिशन का कुल समय 66 मिनट का होना था, लेकिन यह उससे पहले ही खत्म हो गया।
स्पेसएक्स ने क्या कहा?
स्पेसएक्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, स्टारशिप ने एक रैपिड अनस्केड्यूल्ड डिसअसेंबली का अनुभव किया। यानी यह विस्फोट के साथ समाप्त हुआ लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, हर नाकामी से हम सीखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications