Twitter से सफाईकर्मियों की छुट्टी, Elon Musk के सहयोगी बोले- इंसानों की जरूरत नहीं, रोबोट से होगी सफाई
ट्विटर में एक झटके में हुई छंटनी की जांच अब सैन फ्रांसिस्को शहर के वकील डेविड चिउ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे जांच कर रहे हैं कि वाकई मस्क ने कानून तोड़ा है?

Image: File
एलन मस्क ने पहली बार सोशल मीडिया पर जिस दिन ट्विटर खरीदने की इच्छा जताई थी। एक वह दिन था और उसके बाद शायद ही ऐसा कोई हफ्ता बीता है जो बिना विवादों के गुजरा है। ट्विटर खरीदने के अगले हफ्ते ही भारी मात्रा में कर्मचारियों की छंटनी के बाद अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि एलन मस्क जल्द ही ऑफिस में रोबोट कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने जा रहे हैं। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एलोन मस्क की टीम के एक सदस्य ने ट्विटर के बर्खास्त सफाई कर्मचारियों से कहा कि जल्द ही उनकी जगह अब रोबोट लेने वाले हैं।

बदल गया ट्विटर का माहौल
इससे पहले माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट के सैन फ्रांसिस्को मुख्यालय के पूर्व कर्मचारियों ने कहा था कि उन्हें बिना किसी बर्खास्तगी वेतन के निकाल दिया गया था। मस्क के ट्विटर टेकओवर से पहले 10 साल तक ऑफिस में पर चौकीदार के रूप में काम करने वाले जूलियो अल्वाराडो ने कहा कि एलन मस्क के द्वारा कंपनी की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ट्विटर का माहौल बदल चुका है। जूलियो ने बीबीसी के कहा कि पहले लोग बिना किसी चिंता के काम करते थे लेकिन अब लोग डरकर काम करते हैं।

एलन मस्क के सहयोगी ने किया दावा
जूलियो अल्वाडारो ने दावा किया कि मस्क के सबसे वरिष्ठ सहायक ने ही यह दावा किया था कि जल्द ही कंपनी में रोबोट सफाईकर्मियों की जगह लेने वाले हैं। सफाई कर्मियों के संघ को पिछले हफ्ते ही बताया गया था कि उनकी नौकरी खतरे में है। इसके बाद चौकीदार यूनियन के प्रमुख अल्वाराडो ने सोमवार को हड़ताल की घोषणा की थी। बाद में उन्हें खबर मिली कि उन्हें तत्काल प्रभाव से कंपनी से हटा दिया गया है।

विरोध में उठ रही हर आवाज को मस्क ने दबा दिया
एलन मस्क ने ट्विटर कंपनी में विरोध करने वाली हर आवाज को दबा दिया। अल्वाराडो ने कहा, "मुझे लगता है कि हमें निकाल दिया गया क्योंकि हम एक संगठित थे। उन्होंने क्रिसमस से तीन हफ्ते पहले ऐसा किया।" चार साल तक ट्विटर में सफाईकर्मी के रूप में काम करने के बाद नौकरी से बाहर कर दी गईं एड्रिआना विलारियल ने बीबीसी को बताया, "यह हमारे परिवारों और बच्चों के लिए एक दुखद और निराशाजनक बात है।" उसने कहा,"हमें अपने बच्चों के लिए क्रिसमस का उपहार देना चाहिए था लेकिन, हमारी मेज पर रात के भोजन की एक प्लेट के अलावा कुछ भी नहीं है।"

मुश्किलों में घिरे ट्विटर के पूर्व कर्मचारी
अल्वाराडो ने कहा कि उनकी नौकरी छूटने से उन्हें इस बात की चिंता है कि वे गुजारा कैसे करेंगे। अल्वाराडो ने बीबीसी से कहा, "मैं आपको केवल इतना बता सकता हूं कि मेरे पास किराया चुकाने के लिए पैसे नहीं हैं. "मेरे पास चिकित्सा बीमा नहीं होने वाला है। मुझे नहीं पता कि मैं क्या करने जा रहा हूं।" जुआना लौरा चावेरो रामिरेज़ ने बीबीसी को बताया कि काम से निकाले जाने से उनके लिए मधुमेह के इलाज के लिए दवा खरीदना मुश्किल हो जाएगा।

ट्विटर में हुई छंटनी की जांच शुरू
ट्विटर में एक झटके में हुई छंटनी की जांच अब सैन फ्रांसिस्को शहर के वकील डेविड चिउ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे जांच कर रहे हैं कि वाकई मस्क ने कानून तोड़ा है? चिउ ने बीबीसी को बताया, "एलोन मस्क का श्रम कानूनों के उल्लंघन का लंबा इतिहास रहा है। मुझे आश्चर्य नहीं है कि ऐसा हुआ होगा। मैं इन श्रमिकों के बारे में सोच रहा हूं। हम इस पर आगे विचार करेंगे।" बतादें कि 27 अक्टूबर को ट्विटर पर कब्जा करने के बाद एलन मस्क ने तुरंत ट्विटर के शीर्ष अधिकारियों को निकाल दिया था। इसके ठीक एक हफ्ते के बाद 4 नवंबर को उन्होंने कंपनी के 7,500 कर्मचारियों में से लगभग आधे को बाहर कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications