तेजी से लोकप्रिय हो रहे विवेक रामास्वामी, सर्वेक्षणों में दूसरे स्थान पर पहुंचे, एलन मस्क ने भी की तारीफ
दुनिया के सबसे रईस शख्स एलन मस्क ने शुक्रवार को भारतीय-अमेरिकी अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक 'होनहार' उम्मीदवार बताया।
एक्स के मालिक मस्क ने रिपब्लिकन नेता रामास्वामी द्वारा फॉक्स न्यूज के पूर्व टीवी एंकर टकर कार्लसन को दिए गए एक साक्षात्कार पर अपनी प्रतिक्रिया दी। एलन मस्क ने विवेक रामास्वामी के इंटरव्यू को दोबारा पोस्ट करते हुए उनकी उम्मीदावारी को आशाजनक बताया।

टेस्ला के मालिक द्वारा विवेक रामास्वामी की प्रशंसा पर इसलिए भी हैरानी जताई जा रही है कि महज ढाई महीने पहले ही उन्होंने एलन मस्क की आलोचना की थी। एलन मस्क मई महीने के आखिर में चीन दौरे पर गए थे जहां उन्होंने विदेश मंत्री किन गैंग के साथ खास मुलाकात की थी।
अमेरिका और चीन के तनावपूर्ण रिश्ते के बीच एलन मस्क की इस विजिट को लेकर विवेक रामास्वामी ने आलोचना की थी। रामास्वामी ने कहा कि चीन अमेरिका के व्यापारियों को कठपुतली की तरह अपने एजेंडे के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है। यह चिंता का विषय है कि एलन मस्क चीन गए।
गौरतलब है कि एलन मस्क ने चीन की जमकर तारीफ की थी और कहा था कि वे चीन में अपने कारोबार का विस्तार करेंगे। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रामास्वामी ने सवालिया लहजे में पूछा था कि मस्क कैसे कह सकते हैं कि दोनों देशों के फायदे साथ रहने में हैं।
37 वर्षीय विवेक रामास्वामी, अमेरिका में सबसे कम उम्र के रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं। भारतवंशी-अमेरिकी प्रत्याशी रामास्वामी की अमेरिकी युवाओं में लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और उनकी तुलना बराक ओबामा से की जा रही है।
न्यूजवीक की एक रिपोर्ट के मुताबिक विवेक रामास्वामी ने रिपबल्कि नामांकन हासिल करने वाले सट्टेबाजों की रेस में फ्लोरिडा के गर्वनर और दिग्गज रिपबल्किन नेता रॉन डिसेंटिस को तीसरे स्थान पर धकेल दिया है।
गुरुवार को जारी रिपब्लिकन प्राथमिक मतदाताओं के दो नए सर्वेक्षणों में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को बड़े अंतर से पहले स्थान पर दिखाया गया है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह थी कि अब तक दूसरे स्थान पर अपनी जगह बना चुके रॉन डिसेंटिस अब तीसरे नंबर पर खिसक चुके हैं।
रिपब्लिकन फर्म साइग्नल के एक वेब-पैनल सर्वेक्षण में रामास्वामी को 11 प्रतिशत सर्मथन मिला। वे डेसेंटिस से 1 अंक आगे रहे।हालांकि कुछ सर्वेक्षणों में अभी भी डिसेंटिस, रामास्वामी पर बढ़त बनाए हुए हैं।
मॉर्निंग कंसल्ट द्वारा 11 से 13 अगस्त के बीच किए गए एक नए सर्वेक्षण के अनुसार, डोनाल्ड ट्रम्प, रॉन डेसेंटिस से 41 प्रतिशत से आगे हैं।
ट्रम्प को राष्ट्रीय जीओपी प्राथमिक मतदाताओं में 57 प्रतिशत का समर्थन प्राप्त है, जबकि डेसेंटिस को 16 प्रतिशत का समर्थन हासिल है। विवेक रामास्वामी को संभावित प्राथमिक मतदाताओं में से 9 प्रतिशत का समर्थन मिला है।
यहां गौर करने वाली बात ये है कि एक महीने पहले रामास्वामी को 3.1 प्रतिशत और उससे एक महीने पहले 2.2 प्रतिशत मत मिला था।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रामास्वामी की लगातार बढ़ती लोकप्रियता ने रॉन डिसेंटिस को परेशानी में डाल दिया है। यही वजह है कि डिसेंटिस ने अपने कैंपेन मैनेजर जेनेरा पेक को हटाकर अब अपने प्रचार का जिम्मा जेम्स उथमेइर को दे दिया है।
रामास्वामी की बढ़ती लोकप्रियता का वजह क्या है?
रामास्वामी अचानक से जीओपी मतदाताओं के लिए आश्चर्यजनक रूप से दिलचस्प उम्मीदवार बन गए हैं। रामास्वामी सोशल मीडिया पर खूब लोकप्रिय है। सर्वेक्षणों से पता चलता है कि रामास्वामी को युवा रिपब्लिकन और कॉलेज डिग्री वाले मतदाता अधिक पसंद करते हैं।
इसके अलावा सबसे अहम चीज ये है कि रिपब्लिकन पार्टी के अन्य उम्मीदवारों के डोनाल्ड ट्रम्प से उतने अच्छे संबंध नहीं हैं। ट्रम्प ने कई बार अपने बयानों में रामास्वामी की तारीफ की है। वहीं रामास्वामी ने भी कई मौकों पर ट्रम्प की प्रशंसा की है।
रामास्वामी ने कई मौकों पर ट्रम्प का बचाव किया है। रामास्वामी ने कहा है कि ट्रम्प ने नए पैमाने तय किए हैं। रामास्वामी ही ऐसे रिपब्लिकन उम्मीदवार हैं जिन्होंने कहा है कि अगर वे चुने जाते हैं तो वे ट्रम्प को माफ कर देंगे। ट्रम्प से बेहतर संबंधों की वजह से वे कई रिपब्लिकन के फेवरेट बनते जा रहे हैं।
विवेक रामास्वामी का जन्म 9 अगस्त 1985 को हुआ था। विवेक रामास्वामी के माता-पिता केरल से आकर अमेरिका में बस गए थे। रामास्वामी का बचपन ओहायो के सिनसिनाटी में गुजरा।
रामास्वामी ने उन्होंने हावर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक किया और फिर येले यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की। रामास्वामी वोक, इंकः इनसाइड कॉर्पोरेट अमेरिका सोशल जस्टिस स्कैम नामक किताब के लेखक भी है।












Click it and Unblock the Notifications