Elon Musk Donald Trump Interview Live: तकनीकी दिक्कत के बीच शुरू हुआ डोनाल्ड ट्रंप का इंटरव्यू
Elon Musk Donald Trump Interview Live: डोनाल्ड ट्रंप का एक्स पर एलन मस्क का इंटरव्यू तकनीकी दिक्कत के साथ शुरू हुआ। इंटरव्यू से पहले एक्स पर तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा, जिसके चलते इंटरव्यू को सीमित लोगों तक ही टेलीकास्ट किया गया। जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग इस इंटरव्यू को नहीं देख पा रहे हैं।
मस्क ने इन तकनीकी समस्याओं के लिए प्लेटफ़ॉर्म पर "बड़े पैमाने पर" साइबर हमले को जिम्मेदार ठहराया। बता दें कि एक्स पर लगभग एक साल के बाद ट्रंप की वापसी हुई है। तकनीकी समस्याओं के बावजूद, मस्क ने बातचीत की रिकॉर्डिंग जारी करने की बात कही। साक्षात्कार आखिरकार शुरू हुआ, लेकिन इसमें तकनीकी समस्याएं लगातार आ रही हैं।

DDOS साइबर अटैक
एलन मस्क ने एक्स पर "बड़े पैमाने पर DDOS हमले" की बात कही है। उन्होंने कहा कि इस हमले की वजह से पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनके निर्धारित साक्षात्कार में बाधा उत्पन्न हुई।
इस इंटरव्यू को लेकर एलन मस्क ने कहा था कि यह यह बिना किसी स्क्रिप्ट के है और इसमें विषय-वस्तु की कोई सीमा नहीं है, इसलिए यह बहुत मनोरंजक होना चाहिए!" एलन मस्क के इस ऐलान के बाद इंटरव्यू को लेकर लोगों की उम्मीदें पहले ही काफी बढ़ गई थीं।
इंटरव्यू की शुरुआत एलन मस्क डोनाल्ड ट्रंप से उनकी हत्या के प्रयास की घटना से करते हैं। इसपर ट्रंप हंसते हुए कहते हैं कि इस अनुभव के बारे में विस्तार से बात करने से पहले कहना चाहता हूं कि यह अच्छा अनुभव नहीं था। बता दें कि इस इंटरव्यू को एक मिलियन से अधिक लोग एक्स पर सुन रहे हैं।
अप्रवासियों का मुद्दा उठाया
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने अवैध अप्रवासियों के बारे में कई दावे किए। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के असाइलम से लाखों अवैध अप्रवासी अमेरिका में प्रवेश कर रहे हैं और अनुमान है कि देश में 20 मिलियन अवैध अप्रवासी हैं। हालांकि आधिकारिक डेटा इन संख्याओं का खंडन करते है।
अप्रवासियों को लेकर दावे
अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एजेंसी ने जनवरी 2021 से अब तक 10.5 मिलियन अवैध प्रवासियों की जानकारी दी थी। जिनमें से 8 मिलियन से अधिक दक्षिणी सीमा पार कर आए हैं। जब से राष्ट्रपति बाइडेन ने अप्रवासियों को शरण देने के नए नियम पेश किए हैं तब से दक्षिणी सीमा पर अप्रवासियों की संख्या में कमी आई है।
ट्रंप का समर्थन करते हैं एलन मस्क
ट्रंप के लिए मस्क के समर्थन को राजनीतिक चर्चा के लिए एक्स को एक प्रमुख मंच के रूप में स्थापित करने के प्रयास के रूप में देखा जाता है। जबकि अन्य सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म राजनीतिक कंटेंट से दूर हैं।
वहीं मस्क एक्स का खुलकर इस्तेमाल कर रहे हैं और वैश्विक राजनीतिक मुद्दों में बढ़-चढ़कर अपनी राय रख रहे हैं। हालाँकि ट्रंप के खुले समर्थन को देखते हुए मस्क की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ट्रंप को 2021 में एक्स से प्रतिबंधित कर दिया गया था, लेकिन 2022 में मस्क ने उन्हें फिर से बहाल कर दिया। इसके बावजूद, ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट करने से काफी हद तक परहेज किया है। वह ट्रुथ सोशल पर सक्रिय रहते हैं।
मस्क के साथ साक्षात्कार को दोनों हस्तियों के लिए एक अवसर के रूप में देखा जा रहा है। ट्रंप इस प्लेटफॉर्म के जरिए अपने चुनावी अभियान को और लोगों तक ले जाना चाहते हैं जबकि एलन मस्क इसके जरिए एक्स पर ट्रैफिक को बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं।
कमला हैरिस पर साधा निशाना
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि पिछले हफ्ते मिशिगन में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का भाषण सुनने के लिए लोग ही नहीं आए। ट्रंप ने आरोप लगाया कि भीड़ की तस्वीरें AI द्वारा बनाई गई थीं। हालांकि कई तस्वीरें और वीडियो इस बात की पुष्टि करते हैं कि कार्यक्रम में काफी भीड़ थी।












Click it and Unblock the Notifications