डोनाल्ड ट्रंप की नाराजगी के बाद एलन मस्क ने विवेक रामास्वामी का खुलकर किया समर्थन, कर दी ये बड़ी भविष्यवाणी
Elon Musk defends vivek Ramaswamy:अमेरिका में इसी साल राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने जा रहे हैं। इसे लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी के बीच जारी सियासी घमासान के बीच एलन मस्क ने भारतवंशी प्रत्याशी का समर्थन किया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार अपने प्रतिद्वंद्वी विवेक रामास्वामी की सार्वजनिक रूप से हमला किया है और अपने समर्थकों से उन्हें वोट न देने की अपील की है। हालांकि इसके जवाब में विवेक रामास्वामी ने इस कदम को उनके सलाहकारों का दुर्भाग्यपूर्ण कदम बताया है।

ट्रंप और उनकी टीम द्वारा विवेक रामास्वामी पर जोरदार हमले के बीच दुनिया के नंबर एक रईस शख्स एलन मस्क ने उनका समर्थन किया है। सोमवार शाम को आयोवा कॉकस से पहले टेस्ला के सीईओ एलोन मस्क ने रामास्वामी के लिए अपना समर्थन जताते हुए भविष्यवाणी की, कि वे राज्य सर्वेक्षणों में कहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले हैं।
रविवार को, मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आयोवा प्रतिनिधि स्टीवन होल्ट (आर-आयोवा) के द्वारा साझा किए गए साक्षात्कार वीडियो पर ये टिप्पणी की। जब होल्ट से ये पूछा गया कि विवेक रामास्वामी, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और अन्य रिपब्लिकन उम्मीदवारों की तुलना में काफी पीछे चल रहे हैं तो उन्होंने सर्वेक्षण संख्या की प्रामाणिकता को खारिज कर दिया।
मस्क ने भी होल्ट के इंटरव्यू पर सहमति जताते हुए कहा कि उनका अनुमान है कि जब वोटों की गिनती होगी तो विवेक सर्वेक्षणों से कहीं आगे निकल जाएंगे। एलन मस्क ने कहा कि इस सोमवार को विवेक रामास्वामी दुनिया को झटका देने वाले हैं। ये देश के लिए एक बड़ी जीत होगी।
जब एक यूजर ने पूछा, "क्या आप विवेक रामास्वामी पर भरोसा करते हैं?" तो मस्क ने भी "हां" में जवाब दिया। मस्क का रामास्वामी को समर्थन पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के द्वारा उनकी भारी आलोचना के बाद आया है।
इससे पहले शनिवार को 77 वर्षीय डोनाल्ड ट्रंप ने रामास्वामी पर जमकर हमला बोला था। ट्रंप और उनकी प्रचार अभियान टीम ने विवेक रामास्वामी को "धोखेबाज" और "कपटी" करार देते हुए अपने समर्थकों को बायोटेक उद्यमी का समर्थन ने करने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि अगर रामास्वामी को वोट मिलता है तो इससे "दूसरे पक्ष" को फायदा होगा।
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, विवेक ने अपने अभियान की शुरुआत उन्हें पीढ़ियों का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रपति बताकर की थी। लेकिन, अब वह छलपूर्ण चालें चल रहे हैं और अपना समर्थन छिपा रहे हैं।
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि यह बहुत बड़ी चालाकी है। विवेक के लिए वोट देने का मतलब दूसरे पक्ष के लिए वोट करना है। इससे ठगे मत जाना। ट्रंप के लिए वोट करना। अपना वोट बर्बाद मत करना। विवेक मेक अमेरिका ग्रेट अगेन वाले नहीं हैं।
हालांकि ट्रंप की नाराजगी भरी पोस्ट के बाद भी रामास्वामी, जो पहले ट्रंप को कोसने से दूर रहते थे, ने फिर से समझदारी दिखाते हुए ट्रंप की तारीफ की है। रामास्वामी ने कहा कि वह "ट्रम्प की निंदा" का सम्मान करते हैं और वह उनकी आलोचना नहीं करने वाले हैं। रामास्वामी ने ट्रंप को "21वीं सदी के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रपति" बताया।
नवीनतम एनबीसी न्यूज़/मीडियाकॉम आयोवा पोल के अनुसार ट्रंप वर्तमान में 48 फीसदी रिपब्लिकन के पसंदीदा नेता बने हुए हैं। हालांकि एक महीने पहले उन्हें 51 फीसदी लोग पसंद कर रहे थे।
रिपब्लिकन पार्टी की राष्ट्रपति पद की दौड़ में अकेली महिला निक्की हेली को 20 प्रतिशत समर्थन मिला है। दिसंबर में उन्हें 16 फीसदी लोगों का समर्थन मिला था। वहीं फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डिसेंटिस 16 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। डिसेंटिस हालांकि अभी भी दौड़ में बने हुए हैं, लेकिन विवेक रामास्वामी अब काफी पिछड़ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications