Israel-Hamas War: गाजा में युद्ध विराम पर तैयार नहीं इजराइल और हमास, मिस्र के प्रस्ताव को क्यों किया खारिज?
इजराइल-हमास जंग बीते 81 दिनों से जारी है। अब तक लड़ाई में कोई कमी नहीं आई है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, ने एक बार फिर से लड़ाई जारी रखने की कसम खाई है और लड़ाई रोकने के आह्वान के दावों को खारिज कर दिया है।
इस भीषण लड़ाई के बीच भी दोनों पक्षों के बीच शांति की कुछ उम्मीद की जा रही है, क्योंकि मिस्र ने गाजा में युद्धविराम के साथ युद्ध को समाप्त करने की एक महत्वाकांक्षी योजना प्रस्तुत की है। लेकिन प्रश्न ये है क्या इजराइल और हमास इस समझौते को स्वीकार करेंगे?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मिस्र ने इजराइल-हमास जंग को रोकने के लिए एक महत्वकांक्षी प्लान तैयार किया है। मिस्र ने सोमवार को इजराइल, हमास, अमेरिका और यूरोपीय सरकारों के सामने शत्रुता समाप्त करने के लिए इस महत्वाकांक्षी योजना को पेश किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रस्ताव के तीन चरण हैं और अगर इसे स्वीकार कर लिया जाता है, तो उम्मीद है कि इससे गाजा पट्टी में व्यापक बदलाव आएगा और साथ ही क्षेत्र में शांति भी आएगी। कहा जा रहा है कि मिस्र के इस प्रस्ताव को कतर का भी समर्थन हासिल है।
प्रस्ताव के मुताबिक इजराइल से अपहृत 40 बंधकों की रिहाई के बदले लड़ाई को दो सप्ताह तक रोक दिया जाएगा। इसे 3 से 4 सप्ताह तक बढ़ाया जा सकता है। इस दौरान इजराइल की जेल में हमास के 120 कैदियों की रिहाई भी होगी। लड़ाई जब तक रुकी रहेगी तब तक गाजा में बाहर से मानवीय सहायता भी मिलेगी।
योजना के दूसरे चरण में हमास अधिक फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले में सभी महिला इजराइली सैनिकों को रिहा करेगा, जो एक और सप्ताह के युद्धविराम के दौरान होगा। इसके साथ ही, वेस्ट बैंक और गाजा में विशेषज्ञों की एक पैनल के सरकार बनाने और फिलिस्तीनी संसदीय और राष्ट्रपति चुनावों का मार्ग प्रशस्त करने के लिए बातचीत की जाएगी। नई सरकार गाजा और वेस्ट बैंक पर तब तक शासन करेगी जब तक फिलिस्तीनी धड़े आपस में अपने विवादों का निपटारा न कर लें।
टाइम्स ऑफ इज़राइल की रिपोर्ट के अनुसार, योजना के अंतिम चरण में एक व्यापक युद्धविराम, सैनिकों सहित सभी इजराइली बंधकों की रिहाई शामिल होगी। इसके अलावा, इजराइल, गाजा पट्टी से अपनी सेना वापस ले लेगा और विस्थापित गाजावासियों को उनके घरों में लौटने की अनुमति देगा।
प्रस्ताव पर इजराइल की प्रतिक्रिया
रिपोर्टों में कहा गया है कि मिस्र के प्रस्ताव पर चर्चा के लिए इजराइल की वार कैबिनेट की सोमवार रात को बैठक हुई। इजराइल की सरकार अब बंधक बनाए गए लोगों को घर वापस लाने के लिए उनके परिवारों और प्रियजनों के तीव्र दबाव का सामना कर रही है।
इजराइली मंत्री बेनी गैंट्ज़ ने रविवार रात बंधक परिवारों के एक समूह को बताया कि पकड़े गए लोगों को रिहा करने के लिए कई प्रस्ताव हैं। हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि उस पर विचार हो रहा है या नहीं।
नेतन्याहू ने अपनी लिकुड पार्टी के सदस्यों को सोमवार को संबोधित करते हुए कहा, ''हम रुक नहीं रहे हैं। हम लड़ाई जारी रखे हुए हैं और आने वाले दिनों में इस युद्ध का और विस्तार करेंगे। युद्ध अभी खत्म होने के करीब नहीं है।''
यहां तक कि इजराइल के वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच ने भी मिस्र की योजना को खारिज कर दिया। टाइम्स ऑफ इजराइल ने उनके हवाले से कहा, "वार कैबिनेट के पास युद्ध के सभी लक्ष्य हासिल होने से पहले युद्ध रोकने का कोई अधिकार नहीं है।"
सीजफायर के लिए क्यों तैयार नहीं इजराइल
सवाल ये उठता है कि आखिर इजराइल अपने बंधकों की रिहाई के लिए दोबारा सीजफायर के लिए तैयार क्यों नहीं हो रहा है? जॉर्ज मेसन विश्वविद्यालय में संघर्ष समाधान के प्रोफेसर मोहम्मद चेरकौई ने अल जज़ीरा को बताया कि सबसे बड़ी चुनौती पूर्ण युद्धविराम बनाम संघर्ष विराम है। फिलिस्तीनी पूर्ण युद्धविराम की बात कर रहे हैं। इजराइली हल्के समय के लिए चलने वाला 'संघर्ष विराम', सुन रहे हैं।''
अगर इजराइल शर्त को मान लेता है तो नेतन्याहू को हमास को खत्म करने के अपने घोषित मिशन से पीछे हटना होगा। गेर्शोन बास्किन, जिन्होंने पहले इजराइल की ओर से बंधक-मुक्ति समझौते पर बातचीत की थी, ने वॉल स्ट्रीट जर्नल को बताया, "यह सौदा वास्तव में हमास के लिए एक जीत है और मेरे लिए इजराइलियों को इस पर सहमत होते देखना वास्तव में मुश्किल है।"
हमास ने भी खारिज की योजना
हमास ने भी मिस्र की योजना को खारिज कर दिया है। रॉयटर्स ने खबर दी है कि हमास और सहयोगी इस्लामिक जिहाद ने गाजा पट्टी में सत्ता छोड़ने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। यहां तक कि गाजा पट्टी में हमास नेता याह्या सिनवार ने भी मिस्र की योजना को खारिज कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications