जापान के फुकुशिमा में आया 5.3 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का खतरा नहीं
टोक्यो। जापान के फुकुशिमा प्रांत में मंगलवार को भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 बताई जा रही है। समाचार एजेंसी शिनहुआ ने इस बात की जानकारी जापान की मौसम एजेंसी (जेएमए) के हवाले से दी है। एजेंसी ने बताया है कि भूकंप का केंद्र समुद्र तट से दूर था। जिसका उपरिकेंद्र 50 किलोमीटर नीचे गहराई में था। हालांकि भूकंप के बाद किसी सुनामी की चेतावनी या सलाह जारी नहीं की गई है।
इसके अलावा भूकंप से किसी प्रकार के नुकसान या फिर किसी के घायल होने को लेकर भी कोई खबर नहीं आई है। जापान के परमाणु प्रहरी ने अभी तक फुकुशिमा में फुकुशिमा डायची परमाणु ऊर्जा संयंत्र या पड़ोसी मियागी प्रांत में ओनागावा परमाणु ऊर्जा संयंत्र में अनियमितता या असामान्यता के बारे में कोई चेतावनी भी जारी नहीं की है।
इससे पहले इसी साल जापान के चीबा प्रांत के पूर्वी तट पर भी 5.9 की तीव्रता का भूकंप आया था। बीते साल भी जून के महीने में जापान में 6.4 की तीव्रता का तेज भूकंप आया था। जिसमें 16 लोग घायल हो गए थे। इस भूकंप के बाद सुनामी को लेकर एडवाइजरी जारी की गई थी। वहीं साल 2018 में पश्चिमी जापान में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था। जिसमें पांच लोग घायल हो गए थे। ये भूकंप इतना तेज था कि इससे कई इमारतों और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा था।
जापान रिंग ऑफ फायर की श्रेणी में आता है। रिंग ऑफ फायर वो क्षेत्र है, जहां अक्सर भूकंप आते हैं और ज्वालामुखी फटते रहते हैं। 11 मार्च, साल 2011 में भी 9.0 की तीव्रता का एक विनाशकारी भूकंप आया था। जिसके बाद सुनामी आई और हजारों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।