Earthquake: वानुअतु में भूकंप के खतरनाक झटकों से कांपी धरती, 7.3 की तीव्रता, तस्वीरों में दिखी भारी तबाही
Earthquake Vanuatu: वानुअतु की राजधानी पोर्ट विला के पास 7.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है, जिससे इमारतें और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार 12:47 बजे (01:47 GMT) 10 किमी की गहराई पर आया था।
शक्तिशाली भूकंप के झटकों के बाद प्रशांत द्वीप राष्ट्र के कुछ हिस्सों में थोड़े समय के लिए सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई, लेकिन अधिकारियों ने स्थानीय समयानुसार 14:14 बजे कहा, कि खतरा टल गया है।

फिलहाल हताहतों की संख्या अज्ञात है। लेकिन सोशल मीडिया पर फुटेज में ढही हुई इमारतें, गिरे हुए पैनलों से टकराई कारें और घरों के अंदर फर्नीचर बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं।
ऑनलाइन पोस्ट की गई तस्वीरों के मुताबिक, पोर्ट विला में अमेरिकी दूतावास भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
वहीं, वानुआतु फॉरेस्ट जिपलाइन एडवेंचर कंपनी के डायरेक्टर माइकल थॉम्पसन ने कहा है, कि क्षेत्र में कम्युनिकेशन सिस्टम खराब हो गया है और कई लोग फिलहाल स्टारलिंक नेटवर्क के जरिए इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं।
फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा, "शहर के आसपास कई इमारतें गिर गई हैं। इमारत में संभवतः जीवित लोगों को निकालने के लिए एक बड़ा बचाव अभियान चल रहा है।"
उन्होंने कहा, कि "ज्यादातर कम्युनिकेशन टूट गए हैं।"
यूएसजीएस ने पहले भूकंप के दो घंटे बाद पोर्ट विला के आसपास कम से कम चार झटके आने की सूचना दी, जिनकी तीव्रता 4.7 से 5.5 के बीच थी।
पड़ोसी देश न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों ने कहा है, कि उनके देशों के लिए सुनामी का कोई खतरा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications