Earthquake: अरब सागर में भूकंप के झटके, तटीय इलाकों में मची हलचल, 4.1 मापी गई तीव्रता
Earthquake in Arabian Sea: नए साल में विश्व के कई देशों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। शुक्रवार को भारत के राज्य मिजोरम के बाद अरब सागर में भूकंप के झटके आए। जिससे तटीय इलाकों में हलचल मच गई। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई। हालांकि इससे अब तक तटीय इलाकों किसी नुकसान की खबर नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार (05 जनवरी) की रात करीब नौ बजकर 52 मिनट पर अरब सागर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। फिलहाल अब तक भूकंप के केंद्र की जानकारी नहीं है। एनसीएस इसको लेकर रिसर्च कर रहा है। भूकंप केंद्र की ओर से आगे की जनकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

वहीं जापान में इस साल की शुरुआत में आए भूकंप में भारी नुकसान हुआ। यहां 1 जनवरी को 7.6 की प्रारंभिक तीव्रता वाला भूकंप आया, जिससे कई इमारतें नष्ट हो गईं। हजारों घरों की बिजली गुल हो गई और कुछ तटीय क्षेत्रों के निवासियों को ऊंचे स्थानों पर भागने के लिए मजबूर होना पड़ा। भूकंप से जापान के लंबे पश्चिमी समुद्री तट के साथ-साथ पड़ोसी दक्षिण कोरिया में भी लगभग 1 मीटर ऊंची लहरें उठीं।
जापान में रेस्क्यू के बावजूद मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 94 हो गई, इसके अलावा 222 लोग अभी लापता हैं। वहीं इस बीच 72 घंटे बाद एक बुजुर्ग को मलबे से जीवित निकाला गया। दरअसल, इशिकावा प्रांत के सबसे अधिक प्रभावित शहरों में से एक सुजु में एक ढहे हुए घर में बुधवार को एक वृद्ध व्यक्ति को जीवित पाया गया। बचाव कर्मियों ने जैसे ही उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर निकाला उनकी बेटी बेहद खुश हुई।
जापान के भूकंप पीड़ितों के प्रति संवेदना जताते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी ने अपने जापानी समकक्ष फुमिओ किशिदा को गुरुवार को लिखा। जिसमें पीएम ने कहा भारत इस अवसर पर जापान और वहां के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications