Japan Earthquake: जापान में भीषण भूकंप, 7.5 के झटकों से हिली धरती, सुनामी का अलर्ट जारी
जापान में नए साल के पहले ही दिन भूकंप के भारी झटके महसूस किए गए हैं। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, जापान में 7.5 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया है।
ये भूकंप नॉर्थ सेंट्रल जापान में महसूस किया गया है। इन भूकंप के झटकों के बाद जापान में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है।जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने इशिकावा, निगाटा और टोयामा प्रान्त के तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी की है।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक मौसम एजेंसी ने भविष्यवाणी की है कि इशिकावा प्रांत में 5 मीटर ऊंची लहरें पहुंच रही हैं। एनचएके की रिपर्ट में बताया गया है कि इशिकावा में वाजिमा शहर के तट पर 1 मीटर से ऊंची लहरें उठ रही हैं।
जापान में तटीय इलाके में रहने वाले लोगों को जगह खाली कर, ऊंची सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है। प्रशासन के मुताबिक निगाटा और टोयामा में 3 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
जापान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक पूरे जापान में अभी तक 11 भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं। नए साल के दिन आया भूकंप टोक्यो और कांटो इलाके में भी महसूस किया जा चुका है।
शीर्ष सरकारी प्रवक्ता हयाशी योशिमासा ने एक आपातकालीन प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अधिकारी अभी भी नुकसान की सीमा की जांच कर रहे हैं और निवासियों को संभावित भूकंपों के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है।
एनएचके की रिपोर्ट के अनुसार, होकुरिकु इलेक्ट्रिक पावर ने कहा कि वह अपने परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में किसी भी अनियमितता की जांच कर रहा है।
दरअसल जापान में मार्च 2011 में 9 तीव्रता वाले भूकंप के कारण जबर्दस्त सुनामी आई थी। तब उठी सुनामी की लहरों ने फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट को तबाह कर दिया था। इसे पर्यावरण को नुकसान के लिहाज से बड़ी घटना माना गया था। तब समुद्र में उठी 10 मीटर ऊंची लहरों ने कई शहरों में तबाही मचाई थी। इसमें करीब 16 हजार लोगों की मौत हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications