Earthquake Nepal: नेपाल में देर रात आए भूकंप से भीषण तबाही, अब तक 128 लोगों की हुई मौत, कई घायल
Earthquake Nepal: नेपाल में देर रात आए भूकंप से भीषण तबाही मच गई है। नेपाल के जाजरकोट जिले के रामीडांडा इलाके में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके बाद बाद से मरने वालों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। अब तक कुल 128 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई लोग घायल हैं। मरने वालों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। नेपाल में आए भूकंप के झटके का असर शुक्रवार रात दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी महसूस किए गए थे।
रॉयटर्स ने पुलिस के हवाले से बताया है कि नेपाल में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 128 हो गई है। यह अपडेट शनिवार 04 नवंबर सुबह 8 बजे तक का है।

रुकुम पश्चिम के मुख्य जिला अधिकारी हरि प्रसाद पंत के मुताबिक, नेपाल के रुकुम पश्चिम में कम से कम 36 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
जाजरकोट के मुख्य जिला अधिकारी के मुताबिक जाजरकोट में कम से कम 34 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई लोग घायल हैं। कुछ गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए सुर्खेत भेजा गया है। मरने वालों की कुल संख्या 70 हो गई है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) ने कहा कि भूकंप 10 किमी की गहराई पर आया था, जो 28.84 N के अक्षांश और 82.19 E के देशांतर पर हुआ। यह एक महीने में तीसरी बार है जब नेपाल में तेज भूकंप आए हैं।
फिलहाल स्थानीय अधिकारी जाजरकोट गांव से संपर्क नहीं कर पाए हैं, जहां भूकंप का केंद्र है और इसकी आबादी 190,000 है।
नेपाल पीएमओ ने कहा है कि प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने शुक्रवार रात 11:47 बजे जाजरकोट के रामीडांडा में भूकंप से हुई मानवीय और भौतिक क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सभी 3 सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल बचाव और राहत के लिए तैनात किया है।''












Click it and Unblock the Notifications