'डॉलर ही King हैं', ट्रंप ने धमकाया- भारत समेत सभी BRICS देशों को देना होगा 10% अतिरिक्त टैरिफ
Donald Trump tariff: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में जब से दोबारा सत्ता संभाली है तभी से टैरिफ बम फोड़ रहे हैं। वहीं अब ट्रेड डील से पहले मंगलवार को भारत समेत ब्रिक्स में शामिल सभी देशों को चेतावनी दी है कि यदि वे अमेरिकी डॉलर के प्रभुत्व को चुनौती देते हैं, तो उन्हें 10 प्रतिशत टैरिफ का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही ट्रंप ने डॉलर को किंग कहा है।
ब्रिक्स देशों पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने आरोप लगाया कि ब्रिक्स की स्थापना "हमें चोट पहुंचाने, हमारे डॉलर को कमजोर करने के लिए की गई थी," और उन्होंने कहा कि जो देश डॉलर को कमजोर करने की कोशिश करेंगे उन्हें "बड़ी कीमत चुकानी होगी।"

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिक्स देशों को अमेरिकी डॉलर के प्रभुत्व को चुनौती देने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी, जिससे अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और वित्तीय संबंधों में संभावित बदलाव होने की संभावना है।
ट्रंप ने बताया क्यों ब्रिक्स में शामिल देशों को देना होगा अतिरिक्त टैरिफ?
मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा "उन देशों को निश्चित रूप से 10% का अतिरिक्त टैरिफ का भुगतान करना होगा यदि वे ब्रिक्स में हैं क्योंकि ब्रिक्स की स्थापना हमें चोट पहुंचाने, हमारे डॉलर को कमजोर करने के लिए की गई थी... डॉलर किंग है। ट्रंप ने कहा, अगर लोग इसे चुनौती देना चाहते हैं, तो वे दे सकते हैं। लेकिन उन्हें एक बड़ी कीमत चुकानी होगी। मुझे नहीं लगता कि उनमें से कोई भी वह कीमत चुकाने जा रहा है।"
ट्रंप ने कहा 1 अगस्त से लागू हो जाएगा टैरिफ फीस
इसके साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि उन्होंने दुनिया भर के देशों पर जो टैरिफ शुल्क लगाए हैं, उनका भुगतान 1 अगस्त से शुरू हो जाएगा, और कोई विस्तार नहीं दिया जाएगा। याद रहे डोनाल्ड ट्रम्प के पारस्परिक शुल्कों पर 90 दिनों का विराम 9 जुलाई को समाप्त होने वाला था। यह बयान डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा 14 देशों को भेजे गए पत्रों के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्हें सूचित किया गया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका को उनके माल के निर्यात पर 1 अगस्त से नए शुल्क लग सकते हैं।
जल्द अन्य देशों पर भी फूटेगा ट्रंप का टैरिफ बम
बता दें ट्रम्प प्रशासन ने 14 विभिन्न देशों के नेताओं को भेजे गए पत्रों में प्रत्येक के लिए टैरिफ दरों को निर्दिष्ट किया। पत्र प्राप्त करने वाले देशों में जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, म्यांमार और थाईलैंड शामिल हैं।इसके बाद ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक ताजा पोस्ट में संकेत दिया कि आने वाले दिनों में ऐसे और पत्र कई देशों को भेजे जाएंगे। उन्होंने लिखा, "विभिन्न देशों को कल भेजे गए पत्रों के अनुसार, आज, कल और अगले कम समय के लिए भेजे जाने वाले पत्रों के अलावा, 1 अगस्त, 2025 से टैरिफ का भुगतान शुरू हो जाएगा।"
भारत-अमेरिका ट्रेड डील
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते के करीब हैं। ट्रम्प ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ एक बैठक के दौरान संवाददाताओं से कहा, "हमने यूनाइटेड किंगडम के साथ एक समझौता किया है, हमने चीन के साथ एक समझौता किया है, हम भारत के साथ एक समझौता करने के करीब हैं।" वहीं विशेष सचिव राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में एक वार्ता दल पिछले सप्ताह अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के साथ महत्वपूर्ण वार्ता के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका से रवाना हुआ।












Click it and Unblock the Notifications