'हमने भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु जंग रोकी', PM मोदी के संबोधन से पहले ट्रंप ने थपथपाई अपनी पीठ
Donald Trump on India Pakistan Ceasefire: आतंकवाद के खिलाफ भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मई की रात 8 बजे देश को संबोधित किया। इसमें , भारत के पीएम मोदी ने पाकिस्तान को कई बड़ी चेतावनियां दे डाली। जिसमें खास था - 'न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग' गेम पाक का अब काम नहीं करेगा।
अहम बात यह रही कि इस संबोधन के कुछ घंटे पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक व्हाइट हाउस से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु जंग रोकने को लेकर अपनी ही पीठ थपथपाई। आइए जानें क्या-क्या ट्रंप ने कहा?

ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध को रोक दिया। उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगर अमेरिका ने समय रहते दखल नहीं दिया होता तो हालात बहुत भयानक हो सकते थे। उनका कहना था कि दोनों देशों के पास परमाणु हथियार हैं और इससे लाखों लोगों की जान जा सकती थी।
उन्होंने बताया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान की लीडरशिप से सीधे बात की और साफ कर दिया कि अगर शांति चाहते हो तो व्यापार जारी रहेगा, लेकिन अगर जंग छेड़ी तो अमेरिका कोई व्यापार नहीं करेगा। ट्रंप का ये बयान काफी आत्ममुग्ध था, उन्होंने यहां तक कहा कि 'लोगों ने कभी भी बिजनेस का उस तरह इस्तेमाल नहीं किया जैसा मैंने किया।'
ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के लीडरशिप की तारीफ की
ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के नेताओं की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की लीडरशिप समझदार, धैर्यवान और गंभीर थी, जिसने हालात की गंभीरता को समझा और सही फैसला लिया। उन्होंने अपने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो को भी खासतौर पर धन्यवाद कहा।
ट्रंप बटोर रहे सुर्खियां और सराहना
इतना ही नहीं, ट्रंप जूनियर ने भी अपने पिता की तारीफ करते हुए कहा कि अमेरिका की वजह से दुनिया अब पहले से ज्यादा सुरक्षित है। दूसरी ओर पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने भी ट्रंप की कोशिशों की सराहना की और कहा कि अमेरिका की मध्यस्थता से ही तनाव कम हुआ।
ट्रंप ने दी थी सीजफायर की जानकारी
इस पूरे मामले की वजह भी जानना जरूरी है। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 टूरिस्ट की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और PoK में एयर स्ट्राइक की, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। इसी के बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था और 7 मई को टकराव चरम पर पहुंच गया। चार दिन के संघर्ष के बाद 10 मई को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बताया कि दोनों देशों ने सीजफायर पर सहमति बनाई है। इसी के साथ एक बड़ा खतरा टल गया।
इस पूरी कहानी में जहां भारत अपनी कार्रवाई और रणनीतिक कूटनीति से मजबूत नजर आया, वहीं ट्रंप ने भी मौका देखकर अपनी पीठ थपथपाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब देखना यह है कि ये सीजफायर कितना टिकाऊ साबित होता है।












Click it and Unblock the Notifications