नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यों कहा कैंसिल कर दो एयरफोर्स वन को
बोइंग तैयार कर रही है अमेरिकी राष्ट्रपतियों के लिए नया एयरफोर्स वन। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर कहा बहुत महंगा है बोइंग का नया एयरफोर्स वन और बॉर्डर कैंसिल कर देना चाहिए।
वाशिंगटन। बोइंग भावी अमेरिकी राष्ट्रपतियों के लिए नया 747 एयरफोर्स वन तैयार कर रही है लेकिन नए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इससे आपत्ति है। ट्रंप ने एक ट्वीट में कहा है कि यह नया बोइंग काफी महंगा है और इसका ऑर्डर कैंसिल कर देना चाहिए।

कीमतें नियंत्रण के बाहर
ट्रंप का कहना है कि राष्ट्रपति के आधिकारिक एयरक्राफ्ट की कीमतें नियंत्रण के बाहर हो चुकी हैं। एयरफोर्स वन को किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति की पहचान माना जाता है। ट्रंप ने सरकार से अपील की है कि बोइंग के साथ इसका ऑर्डर खत्म कर देना चाहिए।
डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को अपना ऑफिस संभालेंगे। ट्रंप ने अपने चुनाव अभियान के दौरान राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से हिलेरी क्लिंटन के प्रचार के मकसद से इस एयरक्राफ्ट के प्रयोग का मुद्दा उठाया था।
क्या है ट्रंप का मकसद
ट्रंप की ट्रांजिशन टीम का कहना है कि ट्रंप साफतौर पर यह संदेश देना चाहते हैं कि टैक्स अदा करने वाले नागरिकों के पैसे को इस तरह से बर्बाद न किया जाए। हालांकि अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि ट्रंप को नए एयरफोर्स
वन की कीमत का पता कहां से चला। बोइंग के नए एयरफोर्स वन की कीमत वर्ष 2015 से 2021 तक के लिए 2.87 बिलियन डॉलर तय की गई थी। अमेरिकी बजट डॉक्यूमेंट्स की ओर से इसकी जानकारी मिली है।
बोइंग पर लगाया पैसे कमाने का आरोप
अपनी इस ट्वीट के बाद ट्रंप आश्चर्यजनक तौर पर न्यूयॉर्क के ट्रंप टावर से कुछ रिपोर्ट्स के साथ नजर आए।
ट्रंप ने कहा कि कीमत बिल्कुल ही अनियंत्रित हो गई है और मेरे ख्याल से यह बिल्कुल ही बेकार है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि बोइंग खुद पैसे कमाना चाहती है।
ट्रंप के मुताबिक वह चाहते हैं कि बोइंग काफी पैसे कमाए लेकिन यह इतनी ज्यादा भी नहीं होनी चाहिए।
वर्ष 1943 से एयरफोर्स वन का प्रयोग
वहीं बोइंग की ओर से फिलहाल इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। बोइंग के शेयरों में ट्रंप के इस बयान के बाद गिरावट भी दर्ज की गई है।
ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान अपने ही पर्सनल जेट का प्रयोग किया था। बोइंग की ओर से जनवरी 2015 में ऐलान किया गया था कि वह राष्ट्रपतियों के लिए नया एयरफोर्स वन तैयार कर रही है।
यह नया एयरक्राफ्ट पुराने पड़ चुके 747-8 को रिप्लेस करेगा। बोइंग की वेबसाइट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति वर्ष 1943 से इस एयरक्राफ्ट का प्रयोग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications