‘पूरी दुनिया अमेरिका पर हंस रही है’, जीत के बाद बाइडेन पर भड़के ट्रंप, विवेक रामास्वामी की क्यों की प्रशंसा?
अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की रेस में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 15 जनवरी को आयोवा प्रांत में पहली कॉकस में जीत दर्ज की है। इस जीत से उन अटकलों को मजबूती मिलने लगी है जिनमें कहा गया है कि जो बाइडेन और डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर से आमने-सामने हो सकते हैं।
इसी बीच आयोवा में अपनी पहली जीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने समर्थकों को संबोधित किया। इस संबोधन में उन्होंने कहा कि दुनिया को फिर से ठीक करना होगा, अस्त-व्यस्त दुनिया को अच्छा बनाना होगा। इस दौरान ट्रंप ने राजनीतिक विचारधाराओं को एक साथ आने की भी अपील की।

रिपब्लिकन पार्टी के प्रबल दावेदार के रूप में उभरे ट्रंप सोमवार शाम को आयोवा राज्य की राजधानी डेस मोइनेस में अपने अभियान की वॉच पार्टी में अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। लगातार तीसरी बार रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद का नामांकन जीतने की दिशा में यह उनका पहला आधिकारिक कदम है।
अपने संबोधन के दौरान डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने समर्थकों से कहा कि यह अच्छा होगा यदि हर कोई एक साथ आ सके और दुनिया को ठीक कर सके और जो समस्याएं और मौत और विनाश दिख रहा है उसे ठीक कर सकें।
ट्रंप ने जो बाइडेन पर अपना हमला जारी रखते हुए उन्हें अमेरिकी इतिहास में अब तक का सबसे खराब राष्ट्रपति करार दिया। ट्रंप ने कहा कि अब पूरी दुनिया हम पर हंसने लगी है। ऐसे में अब वक्त आ गया है कि हमारे देश के लोग एक साथ आएं। चाहे वो डेमोक्रेट हो या फिर रिपब्लिकन। दुनिया के लिए सबको एकजुट होना होगा।
ट्रंप ने कहा कि बहुत अच्छा होगा कि अगर हर विचारधार के लोग एक साथ आएं। मुझे लगता है कि यह बहुत जल्द होने वाला है। ट्रंप ने इजराइल-हमास युद्ध पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि अगर वे वर्तमान में अमेरिका के राष्ट्रपति होते तो इजराइल पर हमला ही नहीं होता।
ट्रंप ने कहा कि अगर वह चुनाव जीतकर फिर से आए तो वे बहुत जल्द इस समस्या का ही समाधान कर देंगे। इसके साथ ही उन्होंने ये कहा कि अगर वे राष्ट्रपति रहते तो रूस की यूक्रेन पर हमला करने की हिम्मत ही नहीं होती। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के हालत बहुत बुरे हैं। हम जल्द ही दुनिया में सब ठीक कर देंगे।
डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें चुनाव में चुनौती देने वाले अन्य उम्मदवारों को भी बधाई दी। उन्होंने दूसरा स्थान हासिल करने वाले रॉन डिसेंटिस, निक्की हेली और विवेक रामास्वामी सभी को बधाई दी।
ट्रंप की ये प्रशंसा हेली और डेसेंटिस पर महीनों से चल रहे हमलों के साथ-साथ हाल ही में रामास्वामी पर किए गए हमलों से एकदम अलग है। ट्रंप ने कहा, ''वे बहुत चतुर लोग हैं, बहुत सक्षम लोग हैं।''
ट्रंप ने कहा कि "यह एक बहुत ही खास रात है। और यह पहली बार है क्योंकि बड़ी रात नवंबर में होने वाली है जब हम अपने देश को वापस लेंगे और, वास्तव में, हम अपने देश को फिर से महान बनाएंगे।"












Click it and Unblock the Notifications