ट्रंप की Nuclear Power पर लगाम की तैयारी, हाउस स्पीकर ने सेना के ज्वाइंट चीफ से की बात
Donald Trump Nuclear Power: वाशिंगटन डीसी। हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने अमेरिकी सेना के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ से बातचीत की है। इस बातचीत में पेलीसी ने 'अस्थिर' राष्ट्रपति ट्रंप को व्हाइट में अपने बचे हुए कुछ दिनों में किसी भी सैन्य कार्रवाई या परमाणु लॉन्च का आदेश देने से रोकने के लिए चर्चा की।

जनरल मार्क मिली से पेलोसी ने की बात
पेलोसी ने साथी सांसदों को दिए एक बयान में कहा कि "उन्होंने एक अस्थिर राष्ट्रपति को सैन्य कार्रवाई की शुरुआत करने या फिर परमाणु युद्ध के लिए लांच कोड का उपयोग करने से रोकने के लिए जनरल मार्क मिली से बात की है।"
अमेरिका में परमाणु हथियार को लांच करने को लेकर पूरी शक्ति राष्ट्रपति को दी गई है। लेकिन मिलिट्री कमांडर ऐसा करने से मना कर सकता है अगर उसे ये आदेश कानूनी रूप से गलत लगता है। पेलोसी ने कहा कि इस अस्थिर राष्ट्रपति से ज्यादा खतरनाक स्थिति और कुछ नहीं हो सकती है।

जनरल ने दिया है पेलोसी को भरोसा
पेलोसी का ये बयान सांसदों को तब दिया गया जब वे शुक्रवार को हाउस के डेमोक्रेटिक कॉकश के साथ राष्ट्रपति ट्रंप को हटाए जाने के लिए महाभियोग लाए जाने की संभावना पर चर्चा कर रही थी। इस बैठक में ये तय किया गया था कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप तत्काल इस्तीफा नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ हाउस में महाभियोग का प्रस्ताव लाया जाएगा। डेमोक्रेट सांसदों ने उपराष्ट्रपति और कैबिनेट से 25वें संशोधन के तहत ट्रंप को हटाने को कहा है।
पेलोसी ने डेमोक्रेट सांसदों को बताया कि शीर्ष सैन्य अधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनके द्वारा ट्रम्प को परमाणु हमले से रोकने के लिए उठाए गए कदम पर काम किया जा रहा है।

'और खतरनाक हो सकते हैं ट्रंप'
वरिष्ठ सांसदों ने आशंका जताई है कि 20 जनवरी को बाइडेन राष्ट्रपति पद की शपथ ले लेंगे और ट्रंप भले की ऑफिस छोड़ दें लेकिन उसके बाद भी वह बहुत नुकसान कर सकते हैं। लेकिन अगर हाउस से और फिर सीनेट से उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पास हो जाता है तो उन्हें 2014 में चुनाव लड़ने से रोका जा सकेगा या फिर कभी भी ऑफिस में नहीं पहुंच सकेंगे। अगर ऐसा होता है तो ट्रम्प इकलौते राष्ट्रपति होंगे जिनके खिलाफ दो बार महाभियोग लाया जाएगा। इसके पहले उनके खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव लाया गया था जो गिर गया था।
हालांकि रिपब्लिकन की संख्या देखते हुए सीनेट में डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव के पास होने की संभावना कम ही है लेकिन जिस तरह से रिपब्लिकन पार्टी ने ट्रंप के ऊपर डेमोक्रेट के हाल में हो रहे हमले पर चुप्पी साध रखी है ये जरूर डोनाल्ड ट्रंप के लिए चिंता की बात होगी।












Click it and Unblock the Notifications