ट्रंप ने कहा सेना से ज्यादा आईएसआईएस में शामिल हो रहे मुसलमान
वाशिंगटन। वर्ष 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों की दौड़ में शामिल रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मुसलमानों पर विवादित बयान दिया है। ट्रंप ने अब दावा किया है कि ब्रिटेन में बसे मुसलमान सेनाओं में जाने की बजाय अब आतंकी संगठन आईएसआईएस का हिस्सा बन रहे हैं।

उन्होंने कहा है कि अगर तुलना की जाए तो इस मामले में आईएसआईएस आगे निकलता नजर आएगा। दूसरी ओर से यूके में बसे करीब 500,000 मुसनलमानों ने ट्रंप को बैन करने की मांग कर डाली है।
ट्रंप ने कहा अमेरिका में बैन हो मुसलमानों की एंट्री
69 वर्षीय ट्रंप ने एक मैगजीन में छपे आर्टिकल का लिंक ट्वीट किया है। इस लिंक के आधार पर ही उन्होंने यह बात कही है। इस लिंक में इंग्लैंड के पहले मुसलमान सांसद की ओर से आंकड़ें दिए गए हैं।
मैगजीन में बर्मिंघम से लेबर पार्टी के सांसद खालिद महमूद ने अगस्त 2014 में कहा था कि करीब 2,000 ब्रिटिश जेहादी आईएसआईएस का हिस्सा बन चुके हैं। सरकार के अनुमान की तुलना में यह आंकड़ें कहीं ज्यादा हैं।
वहीं अमेरिका में हुए एक सर्वे में ट्रंप के मुसलमान विरोधी बयान को 57 प्रतिशत नागरिकों ने खारिज कर दिया है। ट्रंप ने अपने पहले के बयान में कहा था कि अमेरिका में मुसलमानों की एंट्री को बैन कर दिया जाना चाहिए।
उनके इस बयान से 57 प्रतिशत अमेरिकी नागरिकों ने असहमति जताई है। एक सर्वे के मुताबिक, 25 प्रतिशत अमेरिकी नागरिकों ने ट्रंप के इस प्रपोजल का समर्थन किया है।
वहीं 18 प्रतिशत ने इस पर कोई राय नहीं रखी है। सर्वेक्षण के नतीजे गुरुवार को जारी किए गए। 42 प्रतिशत लोग इस मामले में ट्रंप के साथ नजर आते हैं।
सर्वे में यह भी पता चला है कि 59 प्रतिशत अमेरिकी मुसलमानों के बारे में सकारात्मक राय रखते हैं। सर्वे 1,000 एडल्ट्स पर छह से नौ दिसंबर के बीच किया गया। सर्वे में 400 लोगों ने फोन के जरिए अपना मत रखा।












Click it and Unblock the Notifications