Donald Trump: राष्ट्रपति चुनाव लड़ पाएंगे, क्या साबित हो पाएंगे अपराध, जाएंगे जेल? ट्रंप केस में समझिए सबकुछ
डोनाल्ड ट्रम्प आपराधिक मुकदमे का सामना करने वाले संयुक्त राज्य अमेरिका के एकमात्र पूर्व/या वर्तमान राष्ट्रपति बन गये हैं और वो न्यूयॉर्क के न्यायाधीश के सामने पेश हुए।

Donald Trump Indictment: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को व्यापार धोखाधड़ी से संबंधित 34 संगीन मामलों में गिरफ्तार किया गया है, और उन पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। व्हाइट हाउस में चार साल बिताने वाले व्यक्ति को मंगलवार को एक न्यायाधीश के सामने लाया गया, जहां उन्होंने कहा, कि वो बेकसूर हैं। ये मामला उस वक्त अमेरिका की सियासत में तूफान मचा रहा है, जब अगले ही साल देश में राष्ट्रपति के चुनाव होने हैं और डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पार्टी के अंदर फिर से चुनाव लड़ने के लिए अपनी दावेदारी जता दी है, हालांकि फिलहाल तय नहीं है, कि डोनाल्ड ट्रंप को उम्मीदवार बनाया जाएगा या नहीं, लेकिन इस केस के बाद अमेरिकी समाज पूरी तरह से दो हिस्सों में बंट गया है। एक हिस्सा, जो ट्रंप को कसूरवार मानता है, जबकि दूसरा हिस्सा, ट्रंप को राजनीतिक साजिश का शिकार मानता है।

ट्रंप पर ताजा मामला क्या है?
मंगलवार को डोनाल्ड ट्रम्प अदालत गए, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और 16 पन्नों में उनके खिलाफ दर्ज 34 आरोप उन्हें कोर्ट के अंदर सुनाए ये। ये सभी आरोप, व्यापार में धोखाधड़ी को लेकर है और 1 लाख 30 हजार डॉलर के भुगतानम से संबंधित है, जो एक एडल्ट फिल्म स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स की चुप रखने के लिए दिए गये थे। स्टॉर्मी डेनियल्स के आरोप हैं, कि उसके डोनाल्ड ट्रंप के साथ यौन संबंध रहे हैं और ये संबंध उस वक्त बना, जब वो 27 साल की थी। स्टॉर्मी डेनियल्स के खाते में ये पैसे साल 2016 में राष्ट्रपति चुनाव से ठीक 12 दिन पहले ट्रांसफर किया गया था, जब हिलेरी क्लिंटन को हराकर ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया था। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया, जिसके बाद वो फ्लोरिडा स्थिति अपने घर चले गये, जहां अमेरिकी समय के मुताबिक, मंगलवार शाम को उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित किया और अपने ऊपर लगाए गये तमाम आरोपों को खारिज कर दिया।

क्या है ट्रंप पर आरोप?
ए़डल्ट स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स का कहना है, कि उनका ट्रम्प के साथ 2006 में अफेयर था, जिसे डोनाल्ड ट्रंप ने हमेशा नकारा है। साल 2016 में जब डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति उम्मीदवार थे, उस वक्त स्टॉर्मी डेनियल्स ने ट्रंप के साथ अपने संबंधों की कहानी बेचने की कोशिश की और अगर उस वक्त वो कहानी बाहर आ जाती, तो ट्रंप को चुनाव में नुकसान हो सकता था। लिहाजा, आरोप है कि ट्रंप की टीम ने स्टॉर्मी डेनियल्स को चुप रहने के लिए एक लाख 30 हजार डॉलर का भुगतान किया। ये पैसा अवैध नहीं है, लेकिन जिस तरह से ये पैसा स्टॉर्मी डेनियल्स को दिया गया और पैसा देने का जो मकसद था, उसने डोनाल्ड ट्रंप को फंसा दिया है। आरोप है, कि ट्रंप ने अपने पूर्व वकील माइकल कोहेने के माध्यम से स्टॉर्मी डेनियल्स को एक लाख 30 हजार दिए और वो पैसा फिर माइकल कोहेन के अकाउंट में ट्रंप की तरफ से जमा करवाया गया। लेकिन, आरोप ये है, कि डोनाल्ड ट्रंप ने ये भुगतान ये दर्शाकर किया है, कि वो कानूनी फीस के तौर पर कोहेन को भुगतान कर रहे हैं। इस बात को डोनाल्ड ट्रंप के व्यावसायिक रिकॉर्ड में दिखाया गया है और यहीं पर ट्रंप फंस गये हैं। इस केस में ट्रंप के पूर्व वकील कोहेन को जेल की सजा भी हो चुकी है। वहीं, जिला अटॉर्नी का आरोप है, कि पैसों के भुगतान का मकसद "2016 के चुनाव से पहले और बाद में अमेरिकी मतदाताओं से जानकारी को गैरकानूनी गतिविधि के जरिए छुपाना" था, जो ट्रंप के लिए हानिकारक साबित हो सकती थीं।

क्या दोषी साबित होने पर जाएंगे जेल?
कानूनी एक्सपर्ट्स का कहना है, कि इस कानूनी प्रक्रिया के पूरा होने के बाद अगर ट्रंप को दोषी पाया जाता है, तो सजा के तौर पर उनपर जुर्माना लगाया जा सकता है। हालांकि, अगर जज चाहें, तो उन्हें जेल भी भेज सकते हैं। लेकिन, कानूनी जानकारों का कहना है, कि व्यापार रिकॉर्ड को गलत साबित करना आमतौर पर एक दुर्व्यवहार के रूप में मुकदमा चलाया जाता है। वहीं, ट्रंप के खिलाफ जो आरोप हैं, वो गुंडागर्दी के सबसे नीचले स्तर के आरोप हैं, जिसकी सजा चार साल की होती है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कानूनी जानकारों का कहना है, कि डोनाल्ड ट्रंप के सलाखों के पीछे जाने की संभावना नहीं है।

राष्ट्रपति चुनाव लड़ सकते हैं ट्रंप?
हां, अमेरिकी संविधान में ऐसा कुछ भी नहीं है, जो ट्रम्प को अपने चुनाव अभियान को जारी रखने से रोक सके। हालांकि, पार्टी के अंदर नैतिकता के आधार पर अब उनके लिए टिकट हासिल करना काफी मुश्किल होने वाला है। यहां तक कि अगर उन्हें कैद कर लिया जाता, तब भी वे सैद्धांतिक रूप से राष्ट्रपति पद के लिए खड़े हो सकते थे और चुनाव जीत सकते थे। हालांकि, उसके बाद सामान्य तौर पर पार्टी की तरफ से टिकट नहीं दिया जाता है। लेकिन, डोनाल्ड ट्रंप के लिए दिक्कत ये है, कि इस केस की रफ्तार उस वक्त कोर्ट में तेज हो जाएगी, जब राष्ट्रपति चुनाव के लिए कैम्पेनिंग तेज रहेगी और कानूनी जानकारों के मुताबिक, उस वक्त कम से कम एक महीने के लिए ट्रंप को हर दिन कोर्ट में पेशी के लिए जाना होगा, जो उनके लिए बड़ा सिरदर्द साबित होगा।
Recommended Video

क्या पहले नहीं हुई थी ट्रंप की जांच?
हां। राष्ट्रपति रहते हुए उन्हें कांग्रेस द्वारा दो बड़ी पूछताछ का सामना करना पड़ा था, जिसे महाभियोग कहा जाता है, लेकिन दोनों बार अमेरिकी सीनेट द्वारा उन्हें बरी कर दिया गया। अब ट्रंप राष्ट्रपति नहीं हैं, लिहाजा अब उन पर महाभियोग नहीं चलाया जा सकता है, बल्कि उनके खिलाफ अभियोग लगाया जा सकता है और कई आपराधिक जांच का सामना करना पड़ सकता है। लिहाजा, ट्रंप के खिलाफ 34 आरोप लगाए गये हैं, जिनके बारे में अब लगातार खबरें सुनने को मिलती रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications