Donald Trump: हश मनी केस क्या है, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप पाए गये दोषी, जाएंगे जेल? लड़ पाएंगे राष्ट्रपति चुनाव?
Donald Trump Hush Money Case: अमेरिकी इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ कोई मुकदमा चलाया गया हो और फिर दोषी ठहराया गया है। डोनाल्ड ट्रंप पहले ऐसे अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति बन गये हैं, जिन्हें हश मनी केस में न्यूयॉर्क की एक अदालत ने दोषी ठहराया है।
डोनाल्ड ट्रंप को पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल को अपने बीच बने संबंधों को छिपाने के लिए अपने व्यावसायिक रिकॉर्ड में हेराफेरी कर पैसे देने के आरोप थे, और न्यूयॉर्क अदालत की जूरी ने माना है, कि उन्होंने 2016 राष्ट्रपति चुनाव से पहले पैसे देकर चुनाव को अवैध तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की।

हश मनी केस में डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ कुल 34 आरोप लगाए गये थे और उन्हें सभी 34 मामलों में दोषी ठहराया गया है, जिसपर प्रतिक्रिया देते हुए डोनाल्ड ट्रंप की चुनाव कैम्पेनिंग टीम ने उन्हें 'राजनीतिक बंदी' की तरह पेश किया है। जबकि, मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन की चुनाव कैम्पेनिंग टीम ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है।
अदालत का फैसला पढ़ने के लिए जूरी सदस्यों ने करीब 9.5 घंटे तक विचार विमर्श किया (2 अदालती दिन) और जब कोर्ट अपना फैसला सुना रहा था, उस वक्त डोनाल्ड ट्रंप पत्थर की तरह मुंह लटकाकर बैठे हुए थे।
डोनाल्ड ट्रंप ने मुकदमे को "धांधलीपूर्ण और अपमानजनक" बताया।
कोर्ट रूम से बाहर निकलने के बाद ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा, "यह एक धांधलीपूर्ण, अपमानजनक मुकदमा था...हमने कुछ भी गलत नहीं किया। मैं बेगुनाह शख्स हूं।"
उन्होंने कहा, "असली फैसला 5 नवंबर को लोगों द्वारा सुनाया जाएगा। वे जानते हैं कि क्या हुआ था, और हर कोई जानता है कि यहां क्या हुआ।"
आपको बता दें, अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव 5 नवंबर को होने वाले हैं और रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप उम्मीदवार हैं, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से जो बाइडेन उम्मीदवार बनाए गये हैं। फैसले को लेकर बाइडेन की टीम ने कहा है, कि 'डोनाल्ड ट्रंप को अभी भी बैलेट में बाइडेन को हराना बाकी है।'

हश मनी केस क्या है?
हश मनी केस में ट्रंप के खिलाफ 34 आरोप लगाए गये थे और ये सभी आरोप, व्यापार में धोखाधड़ी को लेकर है और पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को 1 लाख 30 हजार डॉलर के भुगतान से संबंधित है।
स्टॉर्मी डेनियल्स के आरोप हैं, कि उनके डोनाल्ड ट्रंप के साथ यौन संबंध रहे हैं और ये संबंध उस वक्त बना, जब वो 27 साल की थी। स्टॉर्मी डेनियल्स के खाते में ये पैसे साल 2016 में राष्ट्रपति चुनाव से ठीक 12 दिन पहले ट्रांसफर किया गया था, जब हिलेरी क्लिंटन को हराकर ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव जीता था।
ए़डल्ट स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स ने आरोप लगाए थे, कि उनका ट्रम्प के साथ अफेयर था, जिसे डोनाल्ड ट्रंप ने हमेशा नकारा है।
साल 2016 में जब डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति उम्मीदवार थे, उस वक्त स्टॉर्मी डेनियल्स ने ट्रंप के साथ अपने संबंधों की कहानी बेचने की कोशिश की और अगर उस वक्त वो कहानी बाहर आ जाती, तो ट्रंप को चुनाव में नुकसान हो सकता था। लिहाजा, आरोप है कि ट्रंप की टीम ने स्टॉर्मी डेनियल्स को चुप रहने के लिए एक लाख 30 हजार डॉलर का भुगतान किया।
स्टॉर्मी डेनियल्स को पैसा देना अवैध नहीं है, लेकिन जिस तरह से ये पैसा स्टॉर्मी डेनियल्स को दिया गया और पैसा देने का जो मकसद था, उसने डोनाल्ड ट्रंप को फंसा दिया।
आरोप है, कि ट्रंप ने अपने पूर्व वकील माइकल कोहेन के जरिए स्टॉर्मी डेनियल्स को एक लाख 30 हजार दिए। ट्रंप ने पहले ये पैसा माइकल कोहेन के अकाउंट में जमा करवाया और फिर माइकल कोहेने ने स्टॉर्मी डेनियल्स के अकाउंट में ये पैसे ट्रांसफर किए। जबकि, डोनाल्ड ट्रंप ने अपने कारोबारी रिकॉर्ड्स में ये दिखाया, कि उन्होंने माइकल कोहेन को बतौर कानूनी फीस ये पैसे दिए हैं।
इस केस में ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन को जेल की सजा भी हो चुकी है। जबकि, न्यूयॉर्क जिला अटॉर्नी का इल्जाम था, कि पैसों के भुगतान का मकसद "2016 के चुनाव से पहले और बाद में अमेरिकी मतदाताओं से जानकारी को गैरकानूनी गतिविधि के जरिए छुपाना" था, जो ट्रंप के लिए हानिकारक साबित हो सकती थीं।

क्या डोनाल्ड ट्रंप जाएंगे जेल?
न्यूयॉर्क कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप को दोषी ठहरा दिया और अब 11 जुलाई को इस मामले में सजा का ऐलान किया जाएगा। लिहाजा, सवाल उठ रहे हैं, कि क्या डोनाल्ड ट्रंप को जेल की सजा मिलेगी?
कानूनी एक्सपर्ट्स का कहना है, कि डोनाल्ड ट्रंप को जेल की सजा मिलने की उम्मीद काफी कम है और सजा के तौर पर उनपर जुर्माना लगाया जा सकता है। हालांकि, अगर जज चाहें, तो उन्हें जेल भी भेज सकते हैं। लेकिन, कानूनी जानकारों का कहना है, कि व्यापार रिकॉर्ड को गलत साबित करना आमतौर पर एक दुर्व्यवहार के रूप में मुकदमा चलाया जाता है।
हालांकि, ट्रंप के खिलाफ जो 34 आरोप हैं, उनमें से कुछ आरोपी गुंडागर्दी से भी संबंधित हैं, जिसकी सजा चार साल की होती है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कानूनी जानकारों का कहना है, कि डोनाल्ड ट्रंप के सलाखों के पीछे जाने की संभावना नहीं है।
क्या डोनाल्ड ट्रंप लड़ सकते हैं राष्ट्रपति चुनाव?
हां, अमेरिकी संविधान में ऐसा कुछ भी नहीं है, जो ट्रम्प को अपने चुनाव अभियान को जारी रखने से रोक सके। हालांकि, पार्टी के अंदर नैतिकता के आधार पर उनके रास्ते में कुछ मुश्किलें आ सकती हैं, लेकिन उनकी जैसी लोकप्रियता है, उस आधार पर बहुत कम उम्मीद है, कि उन्हें टिकट ना मिले।
नैतिकता को अगर अलग रखा जाए, फिर कानूनी तौर पर भी अगर उन्हें जेल भेज दिया जाता है, तब भी वे सैद्धांतिक रूप से राष्ट्रपति पद के लिए खड़े हो सकते हैं। अमेरिकी संविधान में राष्ट्रपति चुनाव में खड़े होने के लिए ज्यादा कड़े कानून नहीं हैं और मोटामोटी तौर पर इतना ही है, कि उम्मीदवार की उम्र 35 साल से ज्यादा होनी चाहिए और वो अमेरिका का नागरिक हो और कम से कम 15 सालों से अमेरिका में रह रहा हो।












Click it and Unblock the Notifications