बाइडेन की हकलाहट के बाद डोनाल्ड ट्रंप की तुतलाहट! एलन मस्क के इंटरव्यू में क्या-क्या बोले?
Donald Trump Interview with Elon Musk: रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और टेक अरबपति एलन मस्क के बीच बहुप्रतीक्षित बातचीत तकनीकी समस्याओं की वजह से करीब 40 मिनट की देरी से शुरू हुई, जिसके लिए टेस्ला के सीईओ ने साइबर हमले को जिम्मेदार ठहराया।
इस इंटरव्यू को लेकर एलन मस्क ने कहा, कि यह "खुले दिमाग वाले स्वतंत्र मतदाताओं" के लिए है। इस इंटरव्यू को ट्विटर स्पेस पर करीब 10 लाख लोग लाइव सुन रहे थे, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध, व्लादिमीर पुतिन, जो बाइडेन के साथ साथ शी जिनपिंग समेत कई मुद्दों पर बात की।

हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप ने इस इंटरव्यू के दौरान, अगर वो जीतते हैं, तो उनका दूसरा कार्यकाल कैसा होगा, उसके लिए उन्होंने क्या प्लान किए हैं, इसके बारे में कुछ खास जानकारियां नहीं है। ये इंटरव्यू, एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप की दोस्ताना बातचीत तक ही सिमटी रही, जिसमें ज्यादातर समय एलन मस्क पर हुए जानलेवा हमले, अवैध आव्रजन और सरकारी नियमों को कम करने के उनके इरादों पर केंद्रित था।
डोनाल्ड ट्रंप ने इस इंटरव्यू के दौरान क्या बड़ी बातें कहीं, आइये जानते हैं।
बाइडेन की हकलाहट की तरह, ट्रंप की तुतलाहट
डोनाल्ड ट्रंप के इंटरव्यू को सुनने वाले कई श्रोताओं ने बताया, कि पूर्व राष्ट्रपति कई बार ऐसे लग रहे थे, जैसे कि उन्हें तुतलाहट की समस्या है। बीबीसी के मुताबिक, एलन मस्क के साथ इस बातचीत के दौरान, ट्रंप की आवाज के जवाब में ट्विटर पर "स्लरिंग" शब्द ट्रेंड कर रहा था।
इसकी तुलना राष्ट्रपति जो बाइडेन की हकलाहट से की गई।
एक एक्स यूजर ने लिखा, कि "याद है जब ट्रंपटर्ड देश के सभी लोगों ने, बाइडेन को बहुत बूढ़ा होने, हकलाने और शब्दों पर लड़खड़ाने के लिए सूली पर चढ़ा दिया था, और मूल रूप से उन्हें रेस से बाहर होने के लिए मजबूर किया था...और अब वे ट्रंप को लगातार हकलाने और सोने वाले बूढ़े व्यक्ति होने का बचाव करने का कोई तरीका खोजने की कोशिश कर रहे हैं? अच्छे दिन हैं।"
हालांकि, एक एक्स यूजर ने ट्रंप का बचाव करते हुए लिखा, कि "बहुत अजीब बात है, कि जो लोग दावा करते हैं कि ट्रंप की हालत खराब हो गई, उन्होंने तीन साल से भी ज्यादा समय तक बाइडेन की लुढ़कने को पूरी तरह से नजरअंदाज किया। राजनीतिक स्पेक्ट्रम के सभी लोगों का जबरदस्त पाखंड बहुत थका देने वाला है।"
ट्रंप जीतेंगे तो क्या एलन मस्क को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?
इस इंटरव्यू की सबसे बड़ी बात ये थी, कि डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया, कि अगर उन्हें दूसरा कार्यकाल मिलता है, तो उनके प्रशासन में एलन मस्क कोई भूमिका निभा सकते हैं। ट्रंप ने एलन मस्क की प्रशंसा करते हुए, उन्हें "सबसे बड़ा कटर" कहा, जिसमें सरकारी 'फालतू के खर्च' को कम करने की उनकी क्षमता का जिक्र किया।
ट्रंप ने कहा, कि "मुझे एलन मस्क की जरूरत है- मुझे किसी ऐसे व्यक्ति की आवश्यकता है, जिसके पास बहुत ताकत, साहस और होशियारी हो।" ट्रम्प ने शिक्षा का नियंत्रण राज्यों को वापस करने के अपने इरादे का संदर्भ देते हुए एलन मस्क की तारीफ की।
जिसके बाद एलन मस्क ने जवाब देते हुए अमेरिकी सरकार के 'गवर्नमेंट इफिसिएंसी कमीशन' में शामिल होने की इच्छा जताई।
क्या डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन पर ताला लगाएंगे ट्रंप?
इंटरव्यू के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने शिक्षा विभाग को भंग करने की अपनी योजना पर चर्चा की। इस प्रस्ताव को इंजील ईसाई अधिकार के बीच मजबूत समर्थन प्राप्त है। ट्रंप ने कहा, "मैं शिक्षा विभाग को बंद करना चाहता हूं, शिक्षा को वापस राज्यों में ले जाना चाहता हूं।" उन्होंने कहा, कि शिक्षा के मामले में अमेरिका नॉर्वेजियन देशों और कुछ अन्य देशों की तुलना में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है।
अमेरिका के लिए 'आयरन डोम'
ट्रंप ने इजराइल के बुनियादी ढांचे से प्रेरणा लेते, हुए संयुक्त राज्य अमेरिका में आयरन डोम मिसाइल रक्षा प्रणाली स्थापित करने का विचार पेश किया और माना जा रहा है, कि उनका ये विचार, एक नई बहस को जन्म दे सकता है। ट्रंप ने कहा, कि "हमारे पास आयरन डोम क्यों नहीं होना चाहिए? इजरायल के पास है।" उन्होंने इजराइली कंपनियों द्वारा अमेरिकी समर्थन से विकसित प्रणाली का संदर्भ देते हुए अमेरिका में भी आयनर डोन एयर डिफेंस सिस्टम सेटअप करने की बात कही।
आयरन डोम को 2006 में इजराइल और दक्षिणी लेबनान में स्थित एक उग्रवादी समूह हिज्बुल्लाह के बीच संघर्ष के बाद विकसित किया गया था। इसे इजरायली फर्म राफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स और इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ने कुछ अमेरिकी सहायता के साथ बनाया था।
विवादित वैश्विक नेताओं की तारीफ
बातचीत के दौरान ट्रंप ने विवादित टिप्पणियां करने से कोई परहेज नहीं किया और रूस के व्लादिमीर पुतिन, चीन के शी जिनपिंग और उत्तर कोरिया के किम जोंग-उन जैसे नेताओं की प्रशंसा की।
उन्होंने एलन मस्क से कहा, "मैं पुतिन को जानता हूं। मैं राष्ट्रपति शी जिनपिंग को जानता हूं। मैं किम जोंग उन को जानता हूं।" इसके बाद उन्होंने कहा, "वे अपने खेल के शीर्ष पर हैं। वे सख्त हैं, वे चालाक हैं, वे क्रूर हैं - और वे अपने देश की रक्षा करने जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा, कि ये नेता, जिन्हें अक्सर तानाशाह कहा जाता है, वो अपने देश से प्यार करते हैं, लेकिन यह एक अलग तरह का प्यार है। ट्रंप ने अपनी प्रशंसा के मतलब को कम करने की कोशिश करते हुए कहा, "मैं (इन नेताओं के बारे में) कुछ भी अच्छा या बुरा नहीं कह रहा हूं।"
एक्स पर वापस लौटे एलन मस्क
इस इंटरव्यू के शुरू होने से ठीक पहले डोनाल्ड ट्रंप आखिरकार एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वापस आ गए। उन्होंने एक साल में पहली बार एक्स प्लेटफॉर्म पर कई पोस्ट किया है। उनका अकाउंट पहले पिछले चुनाव अभियानों और व्हाइट हाउस में उनके चार वर्षों के कार्यकाल में उने कम्युनिकेशन के एक प्रमुख तरीके के रूप में काम कर चुका था।
लेकिन, 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद पर समर्थकों के हमलों के बाद हिंसा का हवाला देते हुए ट्विटर, फेसबुक और यूट्यूब ने उनके अकाउंट को ब्लॉक कर दिया। जिसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपना खुद को प्लेटफॉर्म 'Truth' बना लिया। हालांकि, अब वो वापस एक्स पर लौट आए हैं। एलन मस्क ने ट्विटर का अधिग्रहण करने के बाद उनके अकाउंट से बैन हटा दिया था। वहीं, अब फेसबुक भी उनके अकाउंट पर लगे बैन को हटाने के संकेत दे रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप के इस समय एक्स पर 88.2 मिलियन फॉलोवर्स हैं, जबकि ट्रूथ पर उनके 7.5 मिलियन फॉलोवर्स ही हैं।












Click it and Unblock the Notifications