अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सीरिया के हमले को बताया भयानक और मानवता के खिलाफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया में गैस हमले के लिए बताया पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को जिम्मेदार और कहा सीरिया में हुआ केमिकल अटैक अब तक का सबसे भयंकर हमला।
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया में हुए हमले में अपनी प्रतिक्रिया दी है और इसे एक भयंकर हमला बताया है। ट्रंप ने इसके साथ ही हमले के लिए सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद और उनकी सरकार को जिम्मेदार करार दिया है।

बनाई जाएगी सीरिया पर नीति
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में जॉर्डन के राजा किंग अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद ट्रंप ने सीरिया में हुए हमले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। ट्रंप ने कहा हमला भयानक और मानवता के लिए दुखद है। वहीं सीरिया की सेना ने रासायनिक हथियारों के प्रयोग से साफ इंकार किया है। ट्रंप ने कहा कि सीरिया के इदलिब क्षेत्र में रासायनिक हमला भयानक है। सीरिया को लेकर नई नीति के सवाल पर ट्रंप ने कहा 'आप देखेंगे' और इसके साथ ही उन्होंने सीरिया पर अपनी नई नीति से जुड़ा संकेत दे दिया है। वहीं अमेरिका के रक्षा मंत्री जेम्स मटीस ने भी इस हमले को घृणित करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की होनी चाहिए। अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने सीरिया में संदिग्ध रासायनिक हमले के लिये सीरियन राष्ट्रपति बशर अल असद की सेना को दोषी ठहराया है। गौरतलब है कि हमले में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। जबकि 400 लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है।
ओबामा को ठहराया जिम्मेदार
ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर भी आरोप लगाया और कहा कि इस तरह का हमला ओबामा प्रशासन की कमियों का नतीजा है। ट्रंप ने कहा कि महिलाओं और बच्चों सहित निर्दोष लोगों के खिलाफ सीरिया में हुए रासायनिक हमले को सभ्य दुनिया नजरअंदाज नहीं कर सकती। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वर्ष 2012 में कहा था कि वह रासायनिक हथियारों के प्रयोग के खिलाफ कदम उठाएंगे लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले की निंदा करने के लिए अमेरिका दुनिया में अपने सहयोगियों के साथ खड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications