'इंडिया-PAK में कराई डील, अब ईरान-इजरायल की करवाऊंगा', फिर फूटा ट्रंप का बड़बोलपान
Iran israel war: ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों से शांति की डील करने की अपील की है। ट्रंप ने रविवार को कहा, "ईरान और इजराइल को एक समझौता करना चाहिए। इसके साथ ही ट्रम्प ने कहा "मेरे हस्तक्षेप से कई देशों के बीच शांति स्थापित हुई है, लेकिन उन्हें कभी श्रेय नहीं मिला।
दरअसल, रविवार को ट्रम्प ने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले महीने हुए सीजफायर का क्रेडिट खुद को दिया। जबकि ट्रंप के इस दावे को भारत झूठा बता चुका है। भारत ने बताया समझौता दोनों देशों के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच सीधी बातचीत के बाद हुआ था।

डोनाल्ड ट्रम्प ने अपनी पोस्ट में सर्बिया और कोसोवो, मिस्र और इथियोपिया जैसे देशों के बीच हुए समझौतों का हवाला देते हुए कहा कि वह "बहुत कुछ करते हैं" और उन्हें "कभी" किसी चीज का "श्रेय" नहीं मिलता है। इसी के साथ भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर का भी जिक्र किया।
ट्रम्प ने पोस्ट में क्या लिखा?
ट्रम्प ने कहा, "ईरान और इजराइल को एक समझौता करना चाहिए, और वे जल्द करेंगे, ठीक उसी तरह जैसे मैंने भारत और पाकिस्तान को करवाया था। उस मामले में, मैंने संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ व्यापार का उपयोग करके दो उत्कृष्ट नेताओं के साथ बातचीत में तर्क, सामंजस्य और समझदारी लाई, जो जल्दी से निर्णय लेने और इसे रोकने में सक्षम थे।"
'मैं बहुत कुछ करता हूं, लेकिन मुझे क्रेडिट नहीं मिलता'
ट्रम्प ने आगे लिखा, "इसी तरह, इजराइल और ईरान के बीच जल्द ही शांति होगी! कई कॉल और बैठकें हो रही हैं। मैं बहुत कुछ करता हूं, और मुझे कभी किसी चीज का श्रेय नहीं मिलता है, लेकिन यह ठीक है, लोग समझते हैं। मध्य पूर्व को महान बनाएं!"
इजराइल और ईरान संघर्ष
बता दें, 5 जून 2025 को इजराइल और ईरान के बीच लगातार तीसरे दिन मिसाइल हमले हुए। दोनों तरफ जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। ईरानी मीडिया के अनुसार, इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 128 हो गई है, जबकि इजराइल में 13 लोगों की मौत हुई है। एटेमाड डेली के स्वास्थ्य अधिकारियों के हवाले से बताया कि मृतकों में कम से कम "40 महिलाएं" और बच्चे शामिल है।हालांकि, एक मानवाधिकार समूह का कहना है कि ईरान में इजरायली हमलों में कम से कम 406 लोग मारे गए हैं और 654 अन्य घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications