डोनाल्ड ट्रंप ने जापान और दक्षिण कोरिया पर लगाया 25% टैरिफ, दी ये चेतावनी
Donald Trump tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार कोजापान और दक्षिण कोरिया पर टैरिफ बम फोड़ा है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा वह 1 अगस्त से जापान और दक्षिण कोरिया से आने वाले सामानों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाएंगे। ट्रंप ने यह घोषणा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर की, जहां उन्होंने प्रत्येक देश के नेताओं को भेजे गए पत्रों की प्रतियां पोस्ट कीं।
दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को लिखे पत्रों में उन्हें चेतावनी दी गई थी कि वे अपने स्वयं के आयात करों को बढ़ाकर जवाबी कार्रवाई न करें, अन्यथा अमेरिकी प्रशासन आयात करों में वृद्धि करेगा जिससे जापान और दक्षिण कोरिया के ऑटो और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्रों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ट्रंप ने जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा और दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्युंग को लिखे पत्रों में कहा, "यदि किसी भी कारण से आप अपने टैरिफ बढ़ाने का फैसला करते हैं, तो आप जिस भी संख्या से उन्हें बढ़ाना चुनते हैं, उसे 25 प्रतिशत में जोड़ दिया जाएगा जो हम चार्ज करते हैं।"
ट्रंप बोले- 'कम है 25% का ये टैरिफ...'
जापान पर टैरिफ लगाने के साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने इस 25% टैरिफ को कम करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा जापान के साथ हमारे व्यापार घाटे की असमानता को खत्म करने के लिए जरूरी संख्या से बहुत कम है। उन्होंने कहा कि, "जैसा कि आप जानते हैं, अगर जापान की कंपनिया अमेरिका के भीतर प्रोडक्ट मैन्युफैक्चरिंग करने का फैसला करती हैं, तो कोई टैरिफ नहीं लागू होगा।"
पिछले सप्ताह ही ट्रंप ने किया था ये खुलासा
गौरतलब है कि बीते सप्ताह अमेरिका राष्ट्रपति ने एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए बताया था कि उन्होंने करीब एक दर्जन देशों के लिए ट्रेड लेटर साइन कर दिए हैं और इन्हें सोमवार को जारी किया जाएगा। इसमें साफ किया गया है कि किस देश पर अमेरिका की ओर से कितना टैरिफ लगाया गया है और कहां कितनी छूट दी गई है। इस लिस्ट में पहले से ही जापान और कोरिया जैसे देशों के शामिल होने का अनुमान जताया जा रहा था।
भारत पर भी जल्द फूटने वाला है ट्रंप का टैरिफ बम
भारत को भी आज अमेरिकी राष्ट्रपति से बहुप्रतीक्षित टैरिफ पत्र मिलने की संभावना है। नई दिल्ली और वाशिंगटन एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए विस्तृत बातचीत में लगे हुए हैं। दोनों देशों के बीच यह समझौता 9 जुलाई की समय सीमा से पहले पूरा होने वाला है, जिसके बाद भारत पर 26 प्रतिशत टैरिफ (16 प्रतिशत आगामी और 10 प्रतिशत मौजूदा) लागू हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications