ट्रम्प के चक्कर में FOX NEWS ने डूबोये 65 हजार करोड़ रुपये, अमेरिकी मीडिया इतिहास का सबसे बड़ा समझौता
डोमिनियन ने अदालत में मुकदमा दायर करते हुए कहा कि फॉक्स न्यूज की इस खबर से हमारी साख को बट्टा लगा है। हमारी एक मार्केट में इमेज थी, न्यूज चैनल ने उस इमेज को नुकसान पहुंचाया है। कंपनी को इसका हर्जाना देना होगा।

अमेरिकी न्यूज चैनल फॉक्स न्यूज को एक गलत खबर दिखाने की बड़ी महंगी कीमत चुकानी पड़ी है। वोटिंग मशीन बनाने वाली कंपनी डोमिनियन और फॉक्स न्यूज के बीच एक सेटलमेंट हुआ है। इस समझौते के मुताबिक फॉक्स न्यूज ने गलत न्यूज दिखाने के एवज में डोमिनियन को 787.5 मिलियन डॉलर देने की बात कही है।
अगर भारतीय रुपये में इसे जोड़ा जाए तो यह 64,760 करोड़ रुपये होता है। एक लंबी लड़ाई लड़ने के बाद आखिरकार फॉक्स न्यूज को लग गया कि वह केस हार सकता है ऐसे में उसने वोटिंग मशीन कंपनी डोमिनियन के साथ समझौता करना ठीक समझा।
इसके साथ ही यह अमेरिकी इतिहास में एक मीडिया कंपनी से जुड़ा सबसे बड़ा मानहानि समझौता बन गया है। यह मामला 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों से जुड़ा है। चुनाव के दौरान फॉक्स न्यूज ने वोटिंग मशीनों पर सवाल खड़े किए थे।
फॉक्स न्यूज ने डोनाल्ड ट्रम्प के दावों को सही बताया था जिसमें उन्होंने वोटिंग मशीन पर गंभीर आरोप लगाए थे। ट्रम्प और उनके सहयोगियों ने अमेरिका चुनाव में हार के बाद दावा किया था कि डोमिनियन की वोटिंग मशीनों का इस्तेमाल 2020 के चुनाव में धांधली के लिए किया गया था।
FOX NEWS ने ये दावा किया था कि डोमिनियन ने अपनी वोटिंग मशीन में छेड़छाड़ा किया था, जिससे पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मिलने वाला वोट, डेमोक्रेट नेता जो बाइडेन को मिल जा रहा था।
इसके बाद साल 2021 में डोमिनियन कंपनी ने फॉक्स न्यूज पर 1.6 अरब डॉलर की मानहानि का मुकदमा ठोक दिया। कंपनी ने दावा किया कि फॉक्स न्यूज ने धांधली की झूठी खबर दिखाई जिसके कारण उसके बिजनेस को तगड़ा झटका लगा है।
फॉक्स ने बचाव में ये तर्क दिया कि वह सिर्फ डोनाल्ड ट्रम्प के आरोपों पर रिपोर्टिंग कर रही थी। फॉक्स डोनाल्ड ट्रम्प के आरोपों का समर्थन नहीं कर रही थी। हालांकि कोर्ट ने न्यूज चैनल के दावों को झूठा पाया। लेकिन कोर्ट इस केस में कोई फैसला करता, उससे पहले ही दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के बाद अब अदालती ट्रायल नहीं होगा। फॉक्स न्यूज की तरफ से फॉक्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन और मीडिया मुगल कहे जाने वाले रुपर्ट मर्डोक भी मौजूद थे। 2 साल से अधिक समय तक चली इस कानूनी लड़ाई के दौरान फॉक्स न्यूज की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए गए।
कोर्ट फाइलिंग के अनुसार कहा गया है कि 787.5 मिलियन डॉलर का भुगतान 1.6 अरब डॉलर का लगभग आधा है जो डोमिनियन कंपनी ने शुरू में बतौर हर्जाना मांगा था।
न्यायाधीश एरिक डेविस द्वारा समझौते की घोषणा के बाद डोमिनियन के वकील जस्टिन नेल्सन ने कहा, ''सच्चाई मायने रखती है। झूठ के परिणाम होते हैं।''
वहीं, फॉक्स न्यूज ने अपने एक बयान में कहा, ''हम उम्मीद करते हैं कि मुकदमे की कटुता के बजाय डोमिनियन के साथ इस विवाद को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने का हमारा निर्णय देश को इन मुद्दों से आगे बढ़ने में मददगार साबित होगा।'












Click it and Unblock the Notifications