ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ की तबीयत खराब, चिंता में डॉक्टर, लिज ट्रस ने कही ये बात
लंदन, 08 सितंबरः ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ की सेहत को लेकर डॉक्टर चिंतित नजर आ रहे हैं। बकिंघम पैलेस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आज सुबह आगे के मूल्यांकन के बाद महारानी एलिजाबेथ के डॉक्टर उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने महारानी को चिकित्सकीय देखरेख में रहने की सलाह दी है। वह फिलहाल बाल्मोरल में रह रही हैं।

तस्वीर- फाइल
पैलेस का कहना है कि महारानी बाल्मोरल में हैं और उनके बेटे प्रिंस चार्ल्स और पोते प्रिंस विलियम वहां के लिए रवाना हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक महारानी पिछले कुछ वक्त से बीमार हैं। उन्हें एपिसोडिक मोबिलिटी की परेशानी है। अधिक उम्र में लोगों के साथ ये समस्या होती है। क्वीन एलिजाबेथ 96 वर्ष की हैं।
वहीं, ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने भी इस खबर पर चिंता जताई है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, बकिंघम पैलेस की खबर से पूरा देश चिंतित होगा। मेरे विचार - और हमारे यूनाइटेड किंगडम के लोगों के विचार - इस समय महारानी और उनके परिवार के साथ हैं।
इससे पहले महारानी ने अपनी प्रिवी काउंसिल की बैठक रद्द कर दी थी। फिलहाल क्वीन को आराम करने के लिए कहा गया है। एक दिन पहले ही महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने कंजरवेटिव पार्टी की नेता लिज ट्रस को मंगलवार को औपचारिक रूप से ब्रिटेन का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया था। नई ब्रिटिश पीएम लिज ट्रस महारानी से मिलने के लिए स्कॉटलैंड के एबर्डीनशायर में उनके बाल्मोरल कैसल स्थित आवास पहुंची थीं। वहां महारानी ने औपचारिक रूप से ट्रस से नई सरकार बनाने को कहा। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने महारानी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।












Click it and Unblock the Notifications