Lloyd Austin: अमेरिकी रक्षा मंत्री की चुनाव से 9 महीने पहले जा सकती है कुर्सी, लॉयड ऑस्टिन ने ऐसा क्या किया?
अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन पिछले दिनों प्रोस्टेट कैंसर की सर्जरी कराने के लिए अस्पताल में भर्ती थे। लेकिन अब घर लौटने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन से कहा गया है कि वे व्हाइट हाउस में अपने हालिया अस्पताल में भर्ती होने के बारे में तुरंत खुलासा न करने के बारे में संसद में गवाही दें।
दरअसल लॉयड ऑस्टिन 22 दिसंबर 2023 और फिर 1 जनवरी 2024 को दो बार हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे। इसकी जानकारी उन्होंने संसद और प्रेसिडेंट जो बाइडेन समेत किसी को नहीं दी थी। इस अवधि में अमेरिका का कोई रक्षा मंत्री नहीं था। ऑस्टिन की डिप्टी कैथलीन हिक्स प्यूर्टो रिको में नया साल मना रहीं थीं। प्रेसिडेंट भी छुट्टी पर थे।

किसी को भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि 6 दिनों तक अमेरिका के रक्षा मंत्री कहां हैं। यह खबर तब सामने आई, जब एक अधिकारी ने अमेरिका मीडिया को इसकी जानकारी दी।
इस बात का खुलासा होने के बाद अमेरिका में हंगामा मच गया। यह मामला इसलिए इतना संवेदनशील था, क्योंकि अमेरिकी सेना की कमान के मामले में रक्षा मंत्री का पद अमेरिकी राष्ट्रपति के ठीक बाद में आता है।
इस मामले में रिपब्लिकन पार्टी ने गंभीर चिंता व्यक्त की। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के अलावा डेमोक्रेट्स पार्टी के कुछ सांसदों ने भी लॉयड ऑस्टिन को फौरन बर्खास्त किए जाने की मांग की थी।
इस पर ऑस्टिन ने कुछ समय तक चुप्पी साधे रखी और फिर इसकी खुद जिम्मेदारी ली। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि "जनता को सही जानकारी मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए मैं बेहतर तरीके से काम कर सकते थे।"
अब इस पर संसद में अगले महीने 14 फरवरी को सुनवाई होगी। अगर वो संसद के सवालों के सही जवाब नहीं दे पाते हैं, तो उन्हें इस्तीफा देना होगा। हाउस सशस्त्र सेवा समिति के अध्यक्ष माइक रोजर्स इस मामले की जांच कर रहे हैं।
संसद की आर्म्ड सर्विस कमेटी के चेयरमैन माइक रोजर्स ने इस माले में अमेरिका रक्षा मंत्री को चिट्ठी लिखी है। पत्र में रोजर्स ने कहा, "मैं चिंतित हूं कि आपने यह जवाब देने से इनकार कर दिया कि क्या आपने अपने कर्मचारियों को अमेरिका के राष्ट्रपति या किसी और को अपने अस्पताल में भर्ती होने के बारे में सूचित नहीं करने का निर्देश दिया था।"
रोजर्स ने आगे लिखा,"दुर्भाग्य से, इससे मुझे विश्वास हो गया है कि जानकारी कांग्रेस से छिपाई जा रही है। कांग्रेस को समझना चाहिए कि क्या हुआ और कैबिनेट सचिव के ठिकाने के खुलासे को रोकने के लिए किसने निर्णय लिया।"
इस लेटर में कहा गया कि रक्षा मंत्री को कुछ अहम सवालों के जवाब देने हैं। लिहाजा, 14 फरवरी को आप इस कमेटी के सामने पेश हों। रोजर्स ने कहा, "मैं इस मामले में आपकी पूरी ईमानदारी और सहयोग की उम्मीद करता हूं। इससे कम कुछ भी पूरी तरह से अस्वीकार्य है।"












Click it and Unblock the Notifications