साउथ कैरोलिना में लापता F-35 जेट का मलबा मिला, डेढ़ महीने में तीसरा अमेरीकी विमान दुर्घटनाग्रस्त
दुनिया का सबसे बेहतरीन फाइटर जेट F-35 बीते रविवार को लापता हो गया था जो एक दिन बाद मिल चुका है। सैन्य अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। फाइटर जेट गायब होने के बाद स्थानीय लोगों से उसे ढूंढने में मदद मांगी गई थी।
दक्षिण कैरोलिना के नॉर्थ चार्ल्सटन एयरबेस से टेकऑफ करने के बाद से ही इसका कुछ पता नहीं लग पा रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, रविवार दोपहर विमान उड़ रहा था इसी दौरान ऐसी खराबी आ गई कि पायलट को इजेक्ट करना पड़ा था।

जब पायलट ने खुद को फाइटर जेट से इजेक्ट किया, तब उसने ठीक पहले उस फाइटर जेट को ऑटो-पायलट मोड में डाल दिया था। विमान से बाहर निकलने वाले पायलट को अस्पताल ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर है। उसी समय उड़ान भर रहा दूसरा F-35 बेस पर सुरक्षित लौट आया था।
सोमवार को एक बयान में, सैन्य अधिकारियों ने कहा कि मलबा ज्वाइंट बेस चार्ल्सटन से दो घंटे की दूरी पर उत्तर-पूर्व में पाया गया। एक सैन्य प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि जो मलबा मिला है उसकी पुष्टि लापता विमान का मलबा होने की पुष्टि की गई है।
सैन्य अधिकारियों ने कहा कि 100 मिलियन डॉलर कीमत के इस विमान का मलबा ग्रामीण विलियम्सबर्ग काउंटी में मिला। इसे दुनिया का सबसे आधुनिक और अमेरिका का पहला स्टील्थ फाइटर जेट विमान कहा जाता है। यह विमान छिपकर मिशन को पूरा करने में सक्षम है।
इस फाइटर जेट का पूरा नाम F-35 लाइटनिंग 2 है। यह हर मौसम में उड़ान भरने वाला स्टेल्थ मल्टीरोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है। यह एयरसुपीरियरिटी और स्ट्राइक मिशन के लिए बनाया गया है।
विमान के गायब होने पर अमेरिकी अधिकारियों को चिंता थी कि विमान के पुर्जे कहीं अमेरिका के दुश्मन देशों के हाथ न लग जाएं। ऐसे में विमान को लेकर खोज अभियान व्यापक स्तर पर चलाई जा रही थी और इसके लिए आम जनता की भी मदद ली जा रही थी।
ज्वाइंट बेस चार्ल्सटन ने एक्स पर पोस्ट कर जनता से विमान ढूंढने में मदद मांगी थी। हालांकि उनकी इस अपील के बाद उनका ऑनलाइन मज़ाक उड़ाया गया। साउथ कैरोलिना की रिपब्लिकन कांग्रेस सदस्य नैन्सी मेस ने सवालिया लहजे में पूछा, "आखिरकार आप एफ-35 कैसे खो देते हैं?
खोज समाप्त होने के बाद मरीन कॉर्प्स ने सोमवार को कहा, "हादसे की अभी जांच चल रही है, और हम जांच प्रक्रिया की अखंडता को बनाए रखने के लिए अतिरिक्त विवरण प्रदान करने में असमर्थ हैं।" जांचकर्ताओं को अपना काम करने की अनुमति देने के लिए जनता को क्षेत्र से दूर रहने के लिए कहा गया है।
सोमवार को मरीन कॉर्प्स की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि अधिकारी इस "एविएशन सेफ्टी एंड बेस्ट प्रैक्टिस चर्चा" करने की योजना बना रहे हैं। इसमें कहा गया है कि लापता जेट पिछले छह हफ्तों में तीसरी "क्लास-ए दुर्घटना" है।
इसमें कहा गया है कि ऐसी विमान दुर्घटनाओं में देश को 2.5 मिलियन डॉलर से अधिक का नुकसान होता है। हालांकि इसमें पिछली घटनाओं के बारे में विस्तार से नहीं बताया गया है।
इससे पहले अगस्त के आखिरी सप्ताह में दो अमेरिकी विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए थे। 27 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी क्षेत्र में स्थित तिवी द्वीप में एक ट्रेनिंग के दौरान एक एयरक्राफ्ट क्रैश में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई। इससे पहले सैन डिएगो के पास हुई दुर्घटना यूएस मरीन कॉर्प्स एफ/ ए-18 हॉर्नेट फाइटर जेट के पायलट की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications