फ्लोरिडा में 125 सालों में सबसे बड़े तूफान इडालिया ने मचाई तबाही, 1000 से अधिक फ्लाइट्स कैंसिल
अमेरिका में इडालिया चक्रवात कई राज्यों में कहर बरपा रहा है। बुधवार को फ्लोरिडा के बिग बेंड में लैंडफॉल के बाद इस तूफान की वजह से अब तक 2 लोगों की मौत हो गई है। ये तूफान फ्लोरिडा के बाद जॉर्जिया, नॉर्थ कैरोलिना और साउथ कैरोलिना की तरफ बढ़ चुका है।
अधिकारियों ने कहा है कि तूफान के कारण आई बाढ़ से समुद्र का पानी जमीनी स्तर से 16 फीट (5 मीटर) ऊपर आ सकता है। कुछ इलाकों में यह अभी ही 6 फीट तक चला गया है।

'इडालिया' ने बुधवार सुबह सात बजकर 45 मिनट पर कीटन बीच के पास 205 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ दस्तक दी। नेशनल वेदर सर्विस ने एक्स पर पोस्ट किया कि चार्ल्सटन हार्बर में जल स्तर 8.7 फीट के पूर्वानुमान से अधिक हो गया है और अब 9.03 फीट पर है।
बाढ़ से संभावित विनाशकारी प्रभावों के कारण 28 काउंटियों में 1.5 मिलियन से अधिक लोगों को खाली करने के लिए कहा गया है। फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने बुधवार को कहा कि तट के सबसे नजदीक वाले लोगों को सबसे ज्यादा खतरा है।
इडालिया तूफान की वजह से लगभग 1000 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं।
मौसम विभाग से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, इडालिया फ्लोरिडा के 125 साल के इतिहास का सबसे भयानक तूफान है। इसकी वजह से हवा की रफ्तार 200 किमी घंटा रिकॉर्ड की गई। तूफान को देखते हुए चारों राज्यों में इमरजेंसी लगा दी गई है। हालांकि समय के साथ अब ये कमजोर पड़ रहा है। लैंडफॉल के वक्त चक्रवात कैटेगरी 4 से कैटेगरी 3 में आ चुका था।
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि जॉर्जिया में इडालिया में तूफान आने के कारण पेड़ से टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। लोन्डेस काउंटी के शेरिफ एशले पॉलक ने सीएनएन को बताया कि पीड़ित राजमार्ग पर एक पेड़ काट रहा था, तभी एक पेड़ उसके ऊपर गिर गया।












Click it and Unblock the Notifications