एक-एक कर बिक रही दाऊद की संपत्तियां, अब मुंबई और रत्नागिरी वाले बंगले होंगे नीलाम, आम का बगीचा भी बिकेगा
भारत के मोस्ट वांटेड आतंकवादी दाउद इब्राहिम की संपत्तियां अगले महीने नीलाम की जाएंगी। हाल में ही जहर दिए जाने की वजह से एक बार फिर से सुर्खियों में आए दाऊद की संपत्ति तस्कर और विदेशी मुद्रा हेरफेर अधिनियम (SAFEMA) के तहत 5 जनवरी को नीलामी की जाएगी।
महाराष्ट्र के मुंबई और रत्नागिरी में दाऊद इब्राहिम की प्रॉपर्टी है, जिसे सरकार नीलाम करने वाली है। इसमें एक बंगला और रत्नागिरी के खेड़ तालुका स्थित मैंगो प्लांटेशन को नीलाम किया जाएगा।

केंद्र सरकार के इस संबंध में अखबारों में विज्ञापन भी दिया गया है। नीलामी दोपहर 2 से 3.30 बजे होगी। कुछ साल पहले रत्नागिरी के खेड़ तालुका में बंगले और आम के बागों सहित कुल चार संपत्तियों को जब्त कर लिया गया था। इन्हीं की अगले महीने नीलामी होगी।
सरकार पहले भी दाऊद इब्राहिम के परिवार से संबंधित कई संपत्तियों की पहचान कर उसकी नीलामी कर चुकी है। दाऊद की 11 संपत्तियों की पहली बार नीलामी साल 2000 में इनकम टैक्स विभाग की ओर से की गई थी, लेकिन तब नीलामी प्रक्रिया में कोई भी नहीं आया था।
हालांकि कुछ सालों से दाऊद का खौफ कम हुआ है और जांच एजेंसियां दाऊद की कई प्रॉपर्टी बेचने और खरीदारों को कब्जा भी दिलवाने में में कामयाब रही हैं। इससे पहले दाऊद इब्राहिम परिवार के 4.53 करोड़ का एक रेस्तरां, 3.53 करोड़ के छह फ्लैट और ₹3.52 करोड़ का एक गेस्ट हाउस नीलाम किए जा चुके हैं।
इससे पहले दिसंबर 2020 में, रत्नागिरी में दाऊद इब्राहिम की संपत्ति ₹1.10 करोड़ में नीलाम की गई, जिसमें दो प्लॉट और एक बंद पड़ा पेट्रोल पंप शामिल था। खेड़ तालुका के लोटे गांव में ये संपत्तियां दाऊद की दिवंगत बहन हसीना पारकर के नाम पर दर्ज थीं।
नागपाडा में 600 वर्ग फुट का डी कंपनी का एक फ्लैट अप्रैल 2019 में 1.80 करोड़ में नीलाम हुआ था। 2018 में, SAFEMA के अधिकारियों ने पाकमोडिया स्ट्रीट में दाऊद की संपत्ति की नीलामी की थी, जिसे सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) ने 3.51 करोड़ में खरीदा था।
दिसंबर, 2020 में रत्नागिरी में दाऊद इब्राहिम के परिवार की 1.10 करोड़ कीमत की संपत्ति नीलाम की गई थी, जिसमें दो प्लॉट और एक बंद पड़ा पेट्रोल पंप शामिल था। खेड़ तालुका के लोटे गांव में ये संपत्तियां दाऊद की बहन हसीना पारकर के नाम पर रजिस्टर्ड थीं। हसीना पारकर की कई साल पहले मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications