Cyclone in Mayotte Island: मायोट में चक्रवात 'चिडो' ने मचाई भयंकर तबाही, सैकड़ों मौतों की आशंका
Cyclone in Mayotte Island:फ्रांसीसी हिंद महासागर स्थित मायोट द्वीप समूह में चक्रवात 'चिडो' ने शनिवार (14 दिसंबर) को भयंकर तबाही मचाई। इस तूफान के कारण सैकड़ों लोग मारे गए हैं और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या हजारों तक जा सकती है।
मायोट में आए इस चक्रवात ने द्वीप क्षेत्र में 200 किलोमीटर प्रति घंटे (124 मील प्रति घंटे) की रफ्तार से हवाएं चलाईं, जिससे भारी नुकसान हुआ। फ्रांस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, इस आपदा में सैकड़ों लोगों की जान चली गई। एक टीवी चैनल पर मायोट के अधिकारी ने कहा, "मुझे लगता है कि सैकड़ों लोग मारे गए हैं, और यह संख्या हजारों तक पहुंच सकती है।"

90 वर्षों में सबसे शक्तिशाली चक्रवाती तूफान
यह तूफान 90 वर्षों में मायोट पर आया सबसे शक्तिशाली चक्रवाती तूफान था। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा, "मेरी संवेदनाएं मायोट के लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इन सबसे भयानक घंटों का सामना किया है। कुछ लोगों ने अपना सब कुछ खो दिया है, और कुछ ने अपनी जान गंवा दी है।"
मायोट, जो दक्षिण-पूर्वी हिंद महासागर में स्थित है, फ्रांस और यूरोपीय संघ का सबसे गरीब क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में अवैध प्रवासी रहते हैं, और 75 प्रतिशत से अधिक जनसंख्या गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करती है।
मृतकों और घायलों की संख्या का पता लगाना मुश्किल
एक अधिकारी ने बताया कि चक्रवात के कारण निवासियों की सही संख्या का पता नहीं चल पा रहा है, जिससे मृतकों और घायलों की सटीक संख्या का निर्धारण करना मुश्किल हो गया है। तूफान के कारण हवाई अड्डे समेत कई सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। कई इलाकों में बर्बादी मच गई है और बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। गृह मंत्रालय ने रविवार को कम से कम 11 मौतों और 250 से अधिक घायलों की पुष्टि की थी, लेकिन यह संख्या और बढ़ने की आशंका है।
यह भी पढ़ें शेख हसीना ने मुहम्मद युनुस को कहा 'फासिस्ट', बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर किया हमला












Click it and Unblock the Notifications