भारत-सिंगापुर के बीच चुटकी में फोन से पैसे भेजना होगा संभव, पीएम मोदी की मौजूदगी में लॉन्च होगी सुविधा
पीएम नरेंद्र मोदी और सिंगापुर के पीएम ली सीन लूंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 21 फरवरी को सुबह 11 बजे (IST) भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) और सिंगापुर के PayNow के बीच क्रॉस-बॉर्डर कनेक्टिविटी की शुरुआत करेगें।

File Image: PTI
सिंगापुर में रहने वाले लोगों को भारत में पैसा भेजने के लिए मुश्किलों का सामना करना नहीं पड़ेगा। यहां रहने वाले भारतीय अब UPI के जरिए भारत में आसानी से पैसे ट्रांसफर कर पाएंगे। भारत से भी सिंगापुर UPI के माध्यम से पैसे भेजना उतना ही आसान हो जाएगा। मंगलवार को भारत और सिंगापुर के बीच रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम लिकेंज को लांच किया जा रहा है। इसकी मदद से दोनों देशों के बीच क्रॉस-बॉर्डर कनेक्टिविटी के तहत बेहद आसानी से तेजी के साथ पैसे ट्रांसफर हो पाएगा।
मंगलवार को होगी शुरुआत
एएनआई की खबर के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी और सिंगापुर के पीएम ली सीन लूंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 21 फरवरी को सुबह 11 बजे (IST) भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) और सिंगापुर के PayNow के बीच क्रॉस-बॉर्डर कनेक्टिविटी की शुरुआत करेगें। इस दौरान दोनों नेताओं की वर्चुअल मौजूदगी में भारत की यूपीआई (UPI) और सिंगापुर के पेनाओ (PayNow) के बीच करार किया जाएगा। भारत की तरफ से आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास और सिंगापुर की ओर से मॉनिटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर के मैनेजिंग डायरेक्टर रवि मेनन इस सुविधा को लॉन्च करेंगे।
छात्रों और मजदूरों को होगा फायदा
आपको बता दें कि भारत और सिंगापुर के बीच पेमेंट सिस्टम के आपस में जुड़ जाने की सुविधा से दोनों देशों में रहने वालों लोगों को बेहद फायदा होगा। इससे डिजिटल लेनदेन में तो तेजी आएगी ही इसके साथ ही पैसे का आदान-प्रदान सस्ती दरों पर संभव हो पाएगा। सिंगापुर में माइग्रेंट वर्कर्स और छात्रीं संख्या बेहद अधिक है। ऐसे में इस सुविधा का सर्वाधिक लाभ उन्हें ही मिलने जा रहा है। सिंगापुर में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों को उनके अभिभावक यूपीआई के जरिए सिंगापुर में पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे।
डिजिटल पेमेंट का विस्तार
आपको बता दें अभी तक NRI यूपीआई के जरिए भुगतान करने में असमर्थ थे। क्योंकि ये केवल भारतीय सिम कार्ड फोन पर ही सुविधा हासिल थी। लेकिन अब NRI या फिर विदेश में रहने वाले भारतीय को अपने NRE या NRO अकाउंट को इंटरनेशनल सिम के साथ लिंक करना होगा जिसके बाद वे आसानी से UPI के जरिए पेमेंट कर सकेंगे। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया एनपीसीआई दूसरे देशों में UPI ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने में जुटा है जिससे डिजिटल पेमेंट का विस्तार किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications