रूस में कोरोना ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, एक दिन के भीतर 887 लोगों की मौत
रूस में कोरोना वायरस ने पिछले चार दिनों से कोहराम मचाया हुआ है।
मास्को, 2 अक्टूबर: कोरोना वायरस ने रूस में कोहराम मचाया हुआ है और पिछले चार दिनों से नए मामलों और मौतों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। रूस की राज्य कोरोना वायरस टास्क फोर्स ने नए आंकड़े जारी करते हुए बताया कि शुक्रवार को देश में संक्रमण की वजह से 887 लोगों की मौत हुई है, जो अभी तक की सबसे बड़ी संख्या है। इससे एक दिन पहले ही गुरुवार को रूस में कोरोना वायरस की वजह से 867 लोगों की मौत हुई थी।

जुलाई के बाद से सबसे ज्यादा कोरोना के केस
इसके अलावा रूस में संक्रमण के दैनिक मामले भी लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं और गुरुवार को 24,522 नए केस दर्ज किए गए। बीते जुलाई के बाद से कोरोना वायरस के दैनिक मामलों का रूस में यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना वायरस की वजह से देश में हालात काफी खराब हैं और हमारे लिए ये चिंता की सबसे बड़ी बात है।
उप-प्रधानमंत्री ने किया देश में लॉकडाउन लगाने से इंकार
वहीं, कोविड टास्क फोर्स की प्रमुख और उप-प्रधानमंत्री तात्याना गोलिकोवा ने देश में लॉकडाउन लगाए जाने की किसी भी संभावना से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि देश में लॉकडाउन लगाने की सरकार की कोई योजना नहीं है। गौरतलब है कि पिछले साल मार्च के महीने में जब दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस की शुरुआती लहर एक साथ आई थी, तब पूरे रूस में लॉकडाउन लगा दिया गया था। हालांकि उसके बाद से रूस में अधिकारियों ने लॉकडाउन लगाने से साफ तौर पर परहेज किया है। आपको बता दें कि कोरोना वायरस को लेकर रॉयटर्स ने एक रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि शुक्रवार को संक्रमण से मौतों का आंकड़ा 5 मिलियन की संख्या को पार कर गया। इनमें ज्यादातर मौतों के लिए कोरोना वायरस का डेल्ट वेरिएंट जिम्मेदार है।












Click it and Unblock the Notifications