इमरान खान के समर्थन में आए पाकिस्तान के मशहूर मौलाना, कहा- मर्द को जुर्म की दावत देती हैं औरतें
पाकिस्तान के मशहूर मौलाना अल्लामा जावेद नकवी ने ना सिर्फ इमरान खान का समर्थन किया है, बल्कि उन्होंने तो मर्दों के गुनाह के लिए औरतों को ही जिम्मेदार बता दिया है।
इस्लामाबाद, जून 27: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने रेप के लिए महिलाओं के कपड़ों को जिम्मेदार बताया था और कहा था कि महिलाओं के कपड़ों की वजह से मर्दों की नियत खराब हो जाती है और फिर वो गुनाह को अंजाम देने पर आमादा हो जाते हैं। इमरान खान के बयान की पूरी दुनिया में आलोचना हो रही है और महिलाओं ने खासकर इमरान खान के बयान को काफी घटिया करार दिया है। लेकिन, पाकिस्तान के मशहूर मौलाना अल्लामा जावेद नकवी ने इमरान खान के बयान का समर्थन करते हुए मर्दों के गुनाह के लिए औरतो को जिम्मेदार ठहराया है।

इमरान के समर्थन में मौलाना
पाकिस्तान के मशहूर मौलाना अल्लामा जावेद नकवी ने ना सिर्फ इमरान खान का समर्थन किया है, बल्कि उन्होंने तो मर्दों के गुनाह के लिए औरतों को ही जिम्मेदार बता दिया है। अल्लामा जावेद नकवी ने कहा है कि 'लिबरल्स और सेक्यूलर लोग इमरान खान की आलोचना कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा है। मर्द को जुर्म की दावत औरत देती है'। मौलाना अल्लामा जावेद नकवी ने आगे कहा कि ''औरतें लिबास के अंदर भी मर्दों के लिए बहुत कशिश रखती हैं'' उन्होंने कहा कि 'औरत वो चीज होती है, जिसे छुपा कर रखी जाए और औरतों के पूरे जिस्म को मुकम्मल छिपाने की जरूरत है'। आपको बता दें कि अल्लामा जावेद नकवी पाकिस्तान के मशहूर मौलाना हैं, उन्होंने कई सालों तक ईरान में रहकर इस्लाम की शिक्षा ली है। इसके साथ ही अल्लामा जावेद नकवी अपने विवादित बयानों और कट्टरपंथी विचारधारा के लिए पाकिस्तान में काफी मशहूर हैं।
इमरान खान ने क्या कहा था ?
दरअसल, इमरान खान ने एचबीओ के लिए Axios को दिए गये इंटरव्यू में कहा है कि 'अगर कोई महिला कम कपड़े पहनती है तो उसकी वजह से पुरूषों पर असर पड़ता है, अगर वो रोबोट ना हो तो। ये एक सामान्य कॉमन सेंस है'। इमरान खान के इस बयान की जमकर आलोचना की जा रही है और लोग कह रहे हैं कि इमरान खान की महिलाओं को लेकर सोच हमेशा से खराब रही है और वही उनके इंटरव्यू में दिख रहा है। इमरान खान के बयान को ट्विट करते हुए इंटरनेशनल कमिशन ऑफ ज्यूरिस्ट्स की साउथ एशिया की कानूनी सलाहकार रीमा ओमर ने ट्वीट किया और कहा कि "प्रधानमंत्री इमरान खान ने यौन हिंसा के लिए कपड़ों को जिम्मेदार ठहराया है, ये काफी निराशाजनक है''
पर्दा प्रथा की वकालत
पाकिस्तान के नेता बनते ही अपनी पत्नी को बुरके पहना देने वाले इमरान खान ने पर्दा प्रथा की वकालत की थी, जिसको लेकर पाकिस्तान के अंदर उनकी काफी आलोचना की गई थी। पाकिस्तान की सिविल सोसाइटी ने कहा था कि इमरान खान को जहां समाज को कुरीतियों से बाहर निकालने की दिशा में काम करना चाहिए, वहां वो पर्दा प्रथा की वकालत कर पाकिस्तान को और पीछे ले जा रहे हैं। रिपोर्ट देखें तो, पाकिस्तान में हर दिन 11 महिलाओं के साथ यौन अपराध को अंजाम दिया जाता है और पिछले 6 सालों में पाकिस्तान में 22 हजार महिलाओं के साथ क्रूरतम यौन हिंसा की गई है। लेकिन, पाकिस्तान में महिला अपराध में अपराधियों को काफी कम सजा मिल पाती है। पाकिस्तान की गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में महिला अपराधों में सजा मिलने का प्रतिशत सिर्फ 0.3 प्रतिशत है। पिछले साल पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने एंटी रेप ऑर्डिनेंस-2020 को भी मंजूरी दी थी, जिसमें महिलाओं को बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराध को लेकर सख्त सजा का प्रावधान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications