सूडान में सेना-पैरामिलिट्री के बीच हिंसा में लगभग 100 लोगों की मौत, भारत ने स्थापित किया नियंत्रण कक्ष
16 अप्रैल को एक भारतीय नागरिक अल्बर्ट ऑगस्टीन की मौत हो गई थी। भारतीय मिशन ने बताया कि गोली लगने से अल्बर्ट की मौत हो गई। वो सूडान में डल ग्रुप कंपनी के लिए काम करते थे।

सूडान में तख्तापलट के लिए मिलिट्री और बागी पैरामिलिट्री रेपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) के बीच हिंसा जारी है। इस लड़ाई में लगभग 100 लोगों की जानें जा चुकी हैं। इस बीच भारतीय दूतावास अपने ताजा परामर्श में भारतीयों से अपने घरों से बाहर नहीं निकलने एवं शांत रहने को कहा है।
इससे पहले रविवार को भारतीय दूतावास ने कहा था कि सूडान की राजधानी खार्तूम में जारी हिंसा में गोली लगने से घायल एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। अपने दूसरे परामर्श में भारतीय मिशन ने कहा कि ताजा जानकारी के आधार पर दूसरे दिन भी लड़ाई में कमी नहीं आई है।
भारतीय मिशन ने कहा, "हम भारतीयों से आग्रह करते हैं कि वे जहां हैं, वहीं पर रहें और बाहर नहीं निकलें।" विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि सूडान में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए मंत्रालय में एक 24X7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
हेल्पलाइन नंबर 1800118797, +91-11-23012113, +91-11-23014104, +91-11-23017905, +91 9968291988 हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सूडान में भारतीयों की संख्या लगभग 4,000 है, जिनमें 1,200 ऐसे हैं जो दशकों पहले वहां बस गए थे। सूडानी सेना ने अक्टूबर 2021 में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया था और तब से वह एक संप्रभु परिषद के माध्यम से देश चला रही है।
सूडान पर नियंत्रण को लेकर देश की सेना तथा एक शक्तिशाली अर्द्धसैनिक बल के बीच सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी संघर्ष जारी है। पिछले दो दिन में इस संघर्ष में 97 आम लोगों की मौत हुई है। वहीं, 1,126 लोगों के घायल होने की सूचना है।
अमेरिका और यूके ने भी सूडान में चल रही लड़ाई को जल्द से जल्द रोकने को कहा है। अमेरिकी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट एंटनी ब्लिंकन ने G7 की बैठक के दौरान कहा- 'सूडान के लोग चाहते हैं कि मिलिट्री अपने बैरक में वापस लौट जाए। वो लोकतंत्र और नागरिक शासन चाहते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications