CICA Summit: कजाकिस्तान में पाकिस्तान ने फिर अलापा कश्मीर राग, मीनाक्षी लेखी ने लगाई कड़ी फटकार
मीनाक्षी लेखी ने कहा कि हम पाकिस्तान सहित अपने पड़ोसियों के साथ सामान्य संबंध चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पाक को आतंकवाद के अपने बुनियादी ढांचे को बंद कर देना चाहिए।
कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में सीआईसीए (Conference on Interaction and Confidence Building Measures in Asia) समिट में भारत की मंत्री मीनाक्षी लेखी ने पाकिस्तान को कश्मीर राग छेड़ने को लेकर कड़ी फटकार लगाई है। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि पाकिस्तान को कश्मीर पर टिप्पणी करने का कोई हक नहीं है। पाक वैश्विक आतंकवाद का केंद्र बन चुका है। पाक को आतंकवाद के अपने बुनियादी ढांचे को बंद कर देना चाहिए। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि हम पाकिस्तान सहित अपने पड़ोसियों के साथ सामान्य संबंध चाहते हैं।

Phoro: Meenakashi Lekhi Twitter
मीनाक्षी लेखी ने पाकिस्तान को वैश्विक समुदाय को व्याख्यान देने के बजाय अपने घर को ठीक करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक ऐसा देश बन चुका है जहां धार्मिक और जातीय अल्पसंख्यकों को व्यवस्थित रूप से सताया जा रहा है। मीनाक्षी लेखी छठे CICA शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं। भारत की तरफ से वक्तव्य देते हुए उन्होंने वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के आधार पर अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के लिए भारत के दृष्टिकोण और COVID-19 के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में देश के योगदान पर प्रकाश डाला। इसके साथ लेखी ने बहुध्रुवीय एशिया और विश्व के लिए CICA के महत्व को दोहराया।
बतादें कि CICA सम्मेलन के दौरान CICA सचिवालय और यूरेशियन आर्थिक संघ के यूरेशियन आर्थिक आयोग के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया है। इसके साथ ही EEC CICA का छठा भागीदार संगठन बन गया है। दस्तावेज पर CICA के कार्यकारी निदेशक कैरेट सरैबे और यूरेशियन आर्थिक आयोग के बोर्ड के अध्यक्ष मिखाइल मायसनिकोविच ने हस्ताक्षर किए है। सीआईसीए समिट के दौरान क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण, अर्थव्यवस्था और वित्त, परिवहन और परिवहन, डिजिटलीकरण और सूचना और संचार प्रौद्योगिकी, उद्योग, कृषि व्यवसाय, व्यापार और प्रतिस्पर्धा नीति जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। हस्ताक्षर समारोह के दौरान अपनी टिप्पणी में CICA के कार्यकारी निदेशक ने बताया कि CICA ने सहयोग के पांच व्यापक आयामों - सैन्य-राजनीतिक, नई चुनौतियों व खतरों, आर्थिक, पर्यावरण और मानवता से मुद्दों पर चर्चा की है।












Click it and Unblock the Notifications